US: अमेरिका के पहले अश्वेत रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन का कार्यकाल आज समाप्त हो रहा है, जिसमें उन्होंने तीन प्रमुख सैन्य संकटों और कोविड-19 महामारी का सामना किया। हालांकि, उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि रूस के यूक्रेन पर आक्रमण के खिलाफ मजबूत प्रतिक्रिया और 50 से अधिक देशों के साथ यूक्रेन को सैन्य सहायता प्रदान करना रही।
अमेरिका के पहले अश्वेत रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन का कार्यकाल शुक्रवार को समाप्त हो रहा है। उनके कार्यकाल के दौरान तीन प्रमुख सैन्य संकट, एक वैश्विक महामारी देखने को मिले। इसके अलावा, ऑस्टिन को निजी रूप से कैंसर का भी सामना करना पड़ा। हालांकि, यूक्रेन पर रूस के आक्रमण के खिलाफ मजबूत प्रतिक्रिया देने के लिए उन्हें सराहना मिली।
विज्ञापन
71 वर्षीय ऑस्टिन ने अपने करियर के 41 साल सेना की वर्दी में बिताए। 2003 में इराक पर आक्रमण के दौरान उन्होने सेना का नेतृत्व किया, जिसके लिए उन्हें सिल्वर स्टार (वीरता पुरस्कार) से सम्मानित किया गया। वह पेंटागन के उस नेतृत्व का हिस्सा हैं, जिनके पास युद्ध का अनुभव है। ऑस्टिन 2016 में सेना से सेवानिवृत्त हुए। हालांकि, 2021 में राष्ट्रपति जो बाइडन ने उन्हें फिर से पेंटागन में सेवा देने के लिए बुलाया। फिर उन्होंने रक्षा मंत्री के रूप में कार्यभार संभाला।
रक्षा मंत्री के रूप में उनका कार्यकाल कोविड-19 महामारी के बीच और 2021 में कैपिटल हिल दंगों के बाद शुरू हुआ। उन्होंने सेना के लिए टीकाकरण अनिवार्य करने जैसे मुद्दों पर काम किया और सेना में चरमपंथी गतिविधियों की जांच की। हालांकि, उनके कार्यकाल के दौरान अफगानिस्तान से अमेरिकी सैनिकों की वापसी सबसे बड़ा विवादित मुद्दा बना। अमेरिकी सेना की वापसी के बाद अफगानिस्तान में तालिबान के हाथों में सत्ता आ गई। अगस्त 2021 में अफगानिस्तान से सैनिकों की वापसी के दौरान करीब 1,24,000 लोगों को एयरलिफ्ट किया गया। लेकिन इसमें 13 अमेरिकी सैनिकों और 170 अफगान नागरिकों की जान चली गई।
विज्ञापन
यूक्रेन पर रूस के आक्रमण के बाद ऑस्टिन ने यूक्रेन रक्षा संपर्क समूह बनाया, जिसमें 50 से अधिक देशों ने यूक्रेन को 126 अरब डॉलर से अधिकी सैन्य मदद प्रदान की। इसके अलावा, 2023 में इस्राइल पर हुए हमले के बाद उन्होंने अमेरिकी विमानवाहक पोतों को पश्चिम एशिया भेजा। इसके बाद समुद्री संघर्ष बढ़ा।