इस्राइल-हमास संघर्ष के बीच गाजा पट्टी का दृश्य
- फोटो : ANI
हमास और इस्राइल के बीच बीते साल सात अक्तूबर को शुरू हुई जंग के थमने के आसार हाल फिलहाल नजर नहीं आ रहे। अहर खत्म होते दिन के साथ यह जंग और बढ़ती ही जा रही है। इस्राइल ने हमास को जड़ से नेस्तनाबूद करने की कसम खाई है, इसका खामियाजा गाजा पट्टी के लोगों पर भारी पड़ रहा है। यह शहर मलबों के ढेर में तब्दील हो गया है। इस बीच, गाजा में शनिवार को हुए इस्राइली हमलों में 20 लोग मारे गए। स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों ने इस बारे में जानकारी दी है। वहीं, दूसरी ओर कतर ने इस्राइल और हमास के बीच युद्ध विराम समझौते के लिए कोशिशों में नई उम्मीद जताई है।
20 लोगों की मौत
रिपोर्ट्स में कहा गया है कि गाजा के स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, इस्राइली सेना द्वारा शनिवार को किए गए हमलों में 20 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में कम से कम आठ नागरिक थे। हालांकि बाकी लोगों के बारे में यह साफ नहीं है कि वे लड़ाके थे या नहीं। इस्राइली सेना ने गाजा सिटी और राफा में कथित हमलों पर फिलहाल कोई टिप्पणी नहीं की है।
फ़िलिस्तीनी रेड क्रिसेंट सोसाइटी के अनुसार, शनिवार को कब्जे वाले वेस्ट बैंक में एक फ़िलिस्तीनी व्यक्ति को इस्राइली सेना ने एक चेकपॉइंट पर गोली मार दी। पुलिस ने कहा कि ऐसा तब किया गया जब उसने वहां सुरक्षा बलों पर पटाखे फेंके थे और उसके पास एक चाकू भी मिला था।
हमास और इस्राइल के बीच युद्ध विराम के लिए हो रही कोशिशें
इस बीच, कतर के प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुल रहमान अल थानी ने हमास और इस्राइल के बीच युद्ध विराम को लेकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी चुनाव के बाद संघर्ष विराम वार्ता को नई गति मिल सकती है। इस दिशा में कतर ट्रम्प प्रशासन के साथ बातचीत कर रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, डोनाल्ड ट्रंप के मध्य पूर्व दूत ने युद्ध विराम और बंधकों की रिहाई से जुड़े समझौते के लिए अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति के कूटनीतिक प्रयास को गति देने के लिए कतर और इस्राइल की यात्रा की है।
गौरतलब है कि 7 अक्तूबर को हमास ने इस्राइल पर एक आतंकी हमला किया था, जिससे एक नए युद्ध की शुरुआत हुई। उस हमले में 1,200 से अधिक लोग मारे गए और 250 से अधिक बंधक बनाए गए । उनमें से लगभग 100 लोग अभी भी हमास की कैद में हैं। हालांकि कई और के मारे जाने की आशंका है। हमास के हमले के जवाब में इस्राइल ने गाजा में हमास के अड्डों को निशाना बनाते हुए जवाबी हमले किए । इस्राइल की जवाही कार्रवाई में गाजा में 45,000 से अधिक फिलिस्तीनियों की मौत हो गई है।