पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख आसिम मुनीर ने बीते बृहस्पतिवार को व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात की थी। इस दौरान उन्होंने ट्रंप को पाकिस्तान के दुर्लभ मृदा खनिज दिखाए थे, जिसकी नई तस्वीर सामने आई है। दोनों देशों ने खनिज, तेल और व्यापार में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की।
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख आसिम मुनीर की व्हाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ मुलाकात की नई तस्वीर सामने आई है। मुलाकात के दौरान शरीफ और मुनीर ने ट्रंप को दुर्लभ मृदा खनिज भेंट किए थे। तस्वीर में मुनीर खनिजों की ओर इशारा करते दिखे, जबकि ट्रंप ध्यान से देखते नजर आए। पीएम शरीफ इस मौके पर खड़े होकर मुस्कुरा रहे थे।
विज्ञापन
यह मुलाकात बृहस्पतिवार (स्थानीय समयानुसार) को ओवल ऑफिस में हुई थी, जिसमें अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और विदेश मंत्री मार्को रुबियो भी मौजूद थे। बैठक करीब डेढ़ घंटे तक चली।
शरीफ ने ट्रंप को बताया शांति दूत
बैठक के बाद पीएम शरीफ ने ट्रंप को 'शांति दूत' बताया और उनके 'दुनिया में संघर्ष समाप्त करने के प्रयासों' की सराहना की। उन्होंने जुलाई में हुए अमेरिका-पाकिस्तान टैरिफ समझौते के लिए भी धन्यवाद दिया। इस समझौते के तहत पाकिस्तानी आयात पर 19 फीसदी टैरिफ लगाया जाएगा और इससे अमेरिका पाकिस्तान के तेल भंडार के विकास में मदद कर सकेगा।
अमेरिकी कंपनियों को निवेश के लिए किया आमंत्रित
पीएम शरीफ ने उम्मीद जताई कि ट्रंप के नेतृत्व में पाकिस्तान-अमेरिका साझेदारी 'दोनों देशों के पारस्परिक लाभ के लिए और मजबूत होगी।' साथ ही उन्होंने अमेरिकी कंपनियों को पाकिस्तान के कृषि, आईटी, खनन और ऊर्जा क्षेत्रों में निवेश करने के लिए भी आमंत्रित किया। यह बैठक ऐसे समय में हुई जब कई वर्षों के तनावपूर्ण संबंधों के बाद द्विपक्षीय संबंधों में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
पाकिस्तान ने अमेरिकी और पुर्तगाली कंपनी के साथ किया समझौता
पाकिस्तान की सबसे बड़ी खनन कंपनी फ्रंटियर वर्क्स ऑर्गनाइजेशन ने इस महीने मिसौरी स्थित अमेरिकी कंपनी यूएस स्ट्रैटेजिक मेटल्स के साथ समझौता किया है। इसके तहत पाकिस्तान में एक पॉली-मेटैलिक रिफाइनरी लगाने की योजना है। इसके अलावा पाकिस्तान की नेशनल लॉजिस्टिक्स कॉर्पोरेशन ने पुर्तगाल की इंजीनियरिंग एवं निर्माण कंपनी मोटा-एंगिल ग्रुप के साथ भी करार किया है। पाकिस्तान सरकार के मुताबिक, साझेदारी की शुरुआत तुरंत होगी और तांबा, सोना, टंगस्टन, एंटीमोनी और दुर्लभ मृदा तत्व का निर्यात शुरू किया जाएगा।
पाकिस्तान में खरबों डॉलर के खनिज भंडार का दावा
पीएम शरीफ ने इस साल दावा किया था कि पाकिस्तान में खरबों डॉलर मूल्य के खनिज भंडार मौजूद हैं। उनका कहना है कि अगर इस क्षेत्र में विदेशी निवेश हुआ तो देश आर्थिक संकट से उबर सकता है और विदेशी कर्जों पर निर्भरता घटाई जा सकती है। हालांकि, ज्यादातर खनिज भंडार बलूचिस्तान में हैं, जहां स्थानीय विद्रोही लंबे समय से विदेशी और पाकिस्तानी कंपनियों द्वारा खनन का विरोध कर रहे हैं।