पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के विशेष सूचना एवं प्रसारण सहायक लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) आसिम बाजवा ने भ्रष्टाचार के आरोपों के बीच सोमवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। पाकिस्तान की सेना के पूर्व प्रवक्ता बाजवा ने कहा कि मैंने प्रधानमंत्री इमरान खान से सूचना एवं प्रसारण पर प्रधानमंत्री के विशेष सहायक के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त करने का अनुरोध किया। उन्होंने मेरा अनुरोध स्वीकार कर लिया।
डॉन अखबार के अनुसार वह चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारा प्राधिकरण के अध्यक्ष पर बाजवा बने रहेंगे। वह दक्षिणी कमान के कमांडर रह चुके हैं। दरअसल बाजवा ने खान को एक महीने से अधिक समय पहले अपना इस्तीफा सौंपा था। तब खान ने बाजवा का इस्तीफा स्वीकार नहीं किया था और उनसे विशेष सहायक के पद पर बने रहने को कहा था।
इससे पहले एक वेबसाइट में खबर छपी थी कि विदेशों में अपनी पत्नी, बेटों और भाइयों का कारोबार स्थापित करने में उन्होंने अपने पदों का दुरुपयोग किया था। वेबसाइट में कहा गया है कि बाजवा के छोटे भाइयों ने 2002 में अपना पहला पापाज पिज्जा रेस्तरां खोला था। उसी साल बाजवा ने जनरल परवेज मुशर्रफ के कार्यकाल में लेफ्टिनेंट जनरल की तरह काम करना शुरू किया था।