एक महिला को तलाक के बाद हर्जाने के तौर पर इतने रुपये मिले कि वो दुनिया की सबसे अमीर महिलाओं की सूची में शामिल हो गई। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार चीन में दवा बनाने वाली कंपनी शेंझेन कांगटई बॉयोलॉजिकल प्रोडक्ट कंपनी के चेयरमैन डु वेइमिन ने अपनी पत्नी युआन लिपिंग को तलाक दिया। हर्जाने के तौर पर उन्होंने अपनी पत्नी को कंपनी के 16.13 करोड़ शेयर दिए। इसके बाद युआन दुनिया की सबसे अमीर महिलाओं की सूची में शामिल हो गई हैं।
सोमवार को शेयर बाजार बंद होने पर इन शेयरों की कीमत 3.2 अरब डॉलर (करीब 24 हजार करोड़ रुपये) थी। 49 वर्षीय युआन कनाडा की नागरिक हैं और शेंझेन में रहती हैं। युआन ने बीजिंग यूनिवर्सिटी से इकोनॉमी में ग्रेजुएशन किया है। कांगटई कंपनी के शेयरों की कीमत पिछले एक साल में दोगुने से अधिक हो गई है। फरवरी के बाद जब से कंपनी ने कोरोना की वैक्सीन बनाने की घोषणा की है, इसके शेयरों की कीमत लगातार बढ़ रही है।
दुनिया में अब तक का सबसे महंगा तलाक रिटेल कंपनी अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस और उनकी पत्नी मैकेंजी का हुआ था। अलग होने के बाद बेजोस ने मैकेंजी को अमेजन डॉट कॉम में चार फीसदी हिस्सेदारी के रूप में 19.7 मिलियन शेयर दिए थे। इन शेयरों की अनुमानित कीमत 38.3 अरब डॉलर यानी करीब 2.60 लाख करोड़ रुपये थी।