श्रीलंका की सरकार ने देश के सबसे बड़े हाथी की सुरक्षा में हथियारों से लैस सेना के जवान तैनात किए हैं। 65 साल के हाथी नंडुनगमुवा राजा की ऊंचाई 10.5 फीट है। हाथी नंडुनगमुवा श्रीलंका का सबसे बड़ा हाथी है।
हाथी की देखभाल करने वालों लोगों ने जानकारी दी कि नंडुनगमुवा कई उत्सवों में हिस्सा लेने के लिए मुख्य मार्गों से गुजरता है। इसे देखते हुए सरकार ने इनकी सुरक्षा बढ़ाने का फैसला लिया है।
हाथी के मालिक ने बताया कि 2015 में एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल हाथी से टकराते-टकराते रह गई थी। जिसके बाद सरकार को इस घटना की जानकारी मिली, सरकार ने सीसीटीवी फुटेज देखे और हाथी के मालिक से संपर्क किया। सरकार ने हाथी नंडुनगमुवा के मालिक से सुरक्षा देने की पेशकश की।
सरकार की इस पेशकश पर हाथी के मालिक ने हामी भरी। जिसके बाद से ही हाथी को सुरक्षा प्रदान की जा रही है। भीड़ भरे इलाकों में हाथी के चलने के दौरान उसकी सुरक्षा में दो सैनिक तैनात रहते हैं, साथ ही देखरेख के लिए महावत भी होते हैं।
नंडुनगमुवा श्रीलंका के उन चुनिंदा हाथियों में से एक हैं, जो गौतम बुद्ध के अवशेष वाले पिटारे को वार्षिक झांकी के दौरान पवित्र बौंद्ध मंदिर तक लेकर जाता है। बौद्ध मंदिर तक पहुंचने के लिए हाथी को कैंडी हिल रिसॉर्ट तक 90 किलोमीटर की यात्रा करनी होती है। हर साल अगस्त के महीने में यह धार्मिक आयोजन होता है, जिसमें सौ से अधिक हाथी भाग लेते हैं।
श्रीलंका में हाथियों के साथ दुर्व्यहार का मुद्दा लगातार उठाया जा रहा है। पिछले मंगलवार को एक 70 साल के हाथी टिकरी की मौत हो गई थी, जिसनें एक धार्मिक कार्यक्रम में भाग लिया था।
हाथी टिकरी की शरीर हड्डियों के ढ़ांचे जैसा नजर आता था। कुछ दिनों पहले ही उसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुई थी। गौरतलब हैं कि श्रीलंका में कई अमीर लोग हाथी पालते हैं, लेकिन वह उनकी समुचित देखरेख नहीं करते हैं।