अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर माइली इन दिनों भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे हुए हैं। आरोप उनकी सबसे करीबी और प्रभावशाली बहन करीना माइली पर है। जिसमें कहा गया है कि वह देश की विकलांगता एजेंसी में चल रही एक रिश्वतखोरी नियंत्रण योजना से फायदा उठा रही थीं। इन आरोपों का राष्ट्रपति माइली ने खंडन किया है और इसे अपने राजनीतिक विरोधियों की चाल बताया है।
अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर माइली ने बृहस्पतिवार (स्थानीय समयानुसार) को अपनी प्रभावशाली बहन का बचाव किया। उनकी बहन पर आरोप है कि वह देश की विकलांगता एजेंसी के भीतर एक रिश्वतखोरी नियंत्रण योजना से लाभ उठा रही थीं। हालांकि, राष्ट्रपति ने इन आरोपों को खारिज किया और अपने राजनीतिक विरोधियों की चाल बताया।
विज्ञापन
भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर राष्ट्रपति माइली ने अपने राजनीतिक विरोधियों पर पलटवार किया। उन्होंने वामपंथी विपक्ष (पेरोनिस्ट पार्टी) पर हमला करते हुए कहा कि यह उनकी बनाई झूठी कहानियों की लंबी लिस्ट में एक और झूठ है। माइली ने आरोप लगाया कि यह सब उनकी स्वतंत्रतावादी पार्टी और उन्हें बदनाम करने के लिए किया जा रहा है।
क्या है भ्रष्टाचार के आरोपों का मामला
पिछले सप्ताह स्थानीय मीडिया ने लीक हुए ऑडियो रिकॉर्डिंग को प्रकाशित किया। इसमें विकलांगता एजेंसी के पूर्व निदेशक डिएगो स्पैग्नुओलो को कथित तौर पर एक रिश्वतखोरी नियंत्रण योजना पर बात करते हुए सुना गया। आरोप है कि इस योजना से राष्ट्रपति माइली की बहन करीना माइली और कुछ अधिकारियों को हर महीने लगभग 800,000 अमेरिकी डॉलर का लाभ हो रहा था। रिकॉर्डिंग सामने आते ही स्पैग्नुओलो को पद से हटा दिया गया। फिलहाल जांच चल रही है और अभी किसी पर औपचारिक आरोप नहीं लगाया गया है।
अर्जेंटीना में जल्द होने वाले हैं चुनाव
यह मामला ऐसे समय में सामने आया है, जब अर्जेंटीना में जल्द ही चुनाव होने वाले हैं। अर्जेंटीना का सबसे अधिक आबादी वाला प्रांत ब्यूनर आयर्स, जो माइली के पेरोनिस्ट प्रतिद्वंदियों का लंबे समय से गढ़ रहा है, में सात सितंबर को स्थानीय परिषदों और प्रांतीय सांसदों का चुनाव होने वाला है। अक्तूबर में देश में राष्ट्रीय मध्यावधि चुनाव होंगे। इन चुनावों को राष्ट्रपति माइली के लिए एक जनमत संग्रह जैसा माना जा रहा है, क्योंकि वे विपक्ष-नियंत्रित कांग्रेस में अपनी पार्टी के अल्पसंख्यक का विस्तार करना चाहते हैं।
मामले को स्पष्ट करना अदालतों का काम
राष्ट्रपति माइली ने बुधवार को भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कई दिनों की असामान्य चुप्पी तोड़ी और एक चुनावी कार्यक्रम के दौरान एक पत्रकार के सामने इन आरोपों का खंडन किया। हालांकि, इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने उनके काफिले पर पत्थर फेंके, जिसके बाद उन्हें वहां से निकाला गया। बृहस्पतिवार को एक व्यापार सम्मेलन में माइली ने कहा, 'इस मामले को स्पष्ट करना अदालतों का काम है, और हम उनके आदेश पर काम कर रहे हैं। हमें खेद है कि न्यायाधीशों को अपराध की जांच करने के बजाय सबसे घटिया राजनीतिक चालों में अपना समय बर्बाद करना पड़ रहा है।'