प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शाओमी इंडिया के बैंक खातों के 5,551 करोड़ रुपये फ्रीज करने का अपना आदेश फिर से लागू करने की अपील कर्नाटक हाईकोर्ट से की। हाईकोर्ट ने कहा कि फिलहाल आदेश पर रोक जारी रहेगी।
अगली सुनवाई 23 मई को होगी। ईडी ने बताया कि शाओमी इंडिया द्वारा चीन के शाओमी उद्योग समूह की एक और अमेरिका की दो कंपनियों को यह पैसा अवैध रूप से भेजने की जांच हो रही है। इसे रॉयल्टी के नाम पर छिपा कर भेजा गया, बदले में कोई सेवाएं नहीं ली गईं। शाओमी इंडिया ने कहा कि फ्रीज आदेश पर रोक के बावजूद उसे बैंक खातों से भुगतान नहीं करने दिया जा रहा है।
हिंदुत्व पर पहली प्रदर्शनी में पहुंचे अमेरिकी सांसद
अमेरिका के कई सांसद इस सप्ताह यूएस कैपिटोल में हिंदुत्व के विभिन्न पहलुओं को दर्शाने वाली अपनी तरह की पहली प्रदर्शनी में शामिल हुए। प्रदर्शनी में योग, आयुर्वेद, धर्म, गणित, वास्तुकला, विज्ञान और वर्तमान दौर में हिंदुत्व की मौजूदगी जैसे व्यापक विषयों को तलाशने के लिए एक मंच प्रदान किया गया। एक मीडिया विज्ञप्ति के अनुसार, ‘दर्शन - हिंदू सभ्यता की झलक’ नामक यह प्रदर्शनी एक साल लंबे चले देशव्यापी हिंदू धर्म जागरूकता अभियान के तहत 10 व 11 मई को अमेरिका में आयोजित की गई। एजेंसी
कराची में देर रात धमाका, एक की मौत, 13 घायल
पाकिस्तान के सबसे बड़े शहर कराची के कॉमर्शियल हब सदर बाजार में हुए जोरदार धमाके में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 13 घायल हैं। शुरुआती सूचना के मुताबिक, धमाका कूड़े के बॉक्स में हुआ। सूचना के बाद पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। खबर लिखे जाने तक 13 लोगों को अस्पताल पहुंचाया जा चुका था।
चश्मदीदों का कहना है कि धमाका इतना जोरदार था, आसपास के इलाके की इमारतों के शीशे टूट गए। सड़क पर खड़े 8-10 वाहनों में आग लग गई। अभी यह पता नहीं चला है कि धमाका कूड़े में किसी ज्वलनशील पदार्थ में हुआ या किसी आतंकी ने बाजार में बम रखा था।
भारत के साथ ‘सार्थक व रचनात्मक संवाद’ का माहौल नहीं : पाकिस्तान
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत के साथ लंबित मुद्दों पर कूटनीति के दरवाजे खुले हैं लेकिन ‘सार्थक व रचनात्मक संवाद का माहौल नहीं है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता असीम इफ्तिखार ने एक पत्रकार वार्ता में भारत से रिश्तों पर पूछे गए सवालों के जवाब में यह टिप्पणी की।
पाकिस्तानी अखबार ‘डॉन’ में छपी खबर के मुताबिक इफ्तिखार ने कहा, कूटनीति में आप दरवाजे कभी भी बंद नहीं करते हैं। उन्होंने माना, विवादों के कूटनीतिक समाधान की पाकिस्तानी इच्छा के बावजूद सार्थक, रचनात्मक संवाद का माहौल नहीं है। बता दें, भारत ने कई बार कहा है कि वह आतंक, हिंसा व शत्रुता से मुक्त माहौल में पड़ोसी से सामान्य संबंध की आकांक्षा रखता है और इस माहौल को बनाने की जिम्मेदारी पाकिस्तान की है।
भारतीय उच्चायुक्त से मिले विक्रमसिंघे, मदद पर चर्चा
प्रधानमंत्री बनने के बाद रानिल विक्रमसिंघे ने शुक्रवार को पहली बार भारतीय उच्चायुक्त गोपाल बागले को बुलाकर बातचीत की और आर्थिक संकट के समय वित्तीय मदद के लिए भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया। भारतीय दूतावास ने एक ट्वीट में बताया, नए पीएम के साथ लोकतांत्रिक तरीके से श्रीलंका के लोगों की भलाई, देश में आर्थिक स्थिति सुधारने और स्थायित्व पर चर्चा हुई।