बांग्लादेश की सरकार ने भारत में सुरक्षा चिंताओं का हवाला देकर खेलने से मना कर दिया है। इसे लेकर बांग्लादेश के लोग ही अपनी सरकार की आलोचना कर रहे हैं। एक बांग्लादेशी अभिनेत्री ने कहा कि बांग्लादेश सरकार भारत विरोधी भावना को हथियार की तरह इस्तेमाल कर रही है।
बांग्लादेश थिएटर अभिनेत्री और निदेशक रोकेया प्राची ने भारत में टी20 वर्ल्ड कप मैच खेलने से इनकार के अंतरिम सरकार के फैसले की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि यूनुस सरकार भारत विरोधी भावना को एक हथियार के तौर पर इस्तेमाल कर रही है। प्राची ने न्यूज एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में बताया कि मोहम्मद यूनुस सरकार दोनों देशों के बीच दरार पैदा करने के लिए भारत विरोध भावना का इस्तेमाल कर रही है। हालांकि बांग्लादेश की आम जनता ऐसा नहीं सोचती और वे 1971 से भारत के समर्थन के लिए आभारी हैं।
विज्ञापन
क्या बोलीं बांग्लादेशी अभिनेत्री?
प्राची ने कहा, ' भारत विरोधी भावना उनकी आदत है। यह पूरे देश के लोगों के विचार नहीं हैं। आम लोग ऐसा नहीं सोचते। यह डॉ. मोहम्मद यूनुस और उनकी धार्मिक और राजनीतिक टीम का रुख है। यह आम लोगों का रुख नहीं है। हम अब भी महसूस करते हैं कि भारत हमारा दोस्त है और हम 1971 की वजह से भारत के आभारी हैं।
अवामी लीग के नेता मोहिबुल हसन चौधरी नौफेल ने भी भारत में टी20 वर्ल्ड कप मैचों का बहिष्कार करने के बांग्लादेश सरकार के फैसले की कड़ी आलोचना की और इसे सरकार की एक सस्ती राजनीतिक चाल बताया।
उन्होंने कहा, 'यहां तक कि बीएनपी के कुछ नेताओं ने भी, इस गलत और अजीब फैसले पर असंतोष व्यक्त किया है। यह सरकार हर चीज में फेल हो गई है, इसलिए वे अब जनता की राय और जनता का ध्यान भटकाने के लिए इस भारत विरोधी कार्ड को खेलने की कोशिश कर रहे हैं।'
बांग्लादेश ने भारत में क्रिकेट मैच खेलने से किया इनकार
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने अपने खिलाड़ियों की सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए आईसीसी से टी20 वर्ल्ड कप मैचों को भारत से बाहर श्रीलंका में शिफ्ट करने का अनुरोध किया था।
हालांकि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल आईसीसी ने वर्ल्ड कप के मैचों को भारत से बाहर ले जाने के बीसीबी के अनुरोध को खारिज कर दिया।
बीसीबी के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल ने पुष्टि की है कि बीसीबी भारत में अपने आईसीसी मेन्स वर्ल्ड कप मैच न खेलने के अपने फैसले पर कायम है।
मौजूदा शेड्यूल के अनुसार, बांग्लादेश को 7 फरवरी को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 कैंपेन की शुरुआत करनी है। इसके बाद लिटन दास की टीम को 9 फरवरी को उसी जगह पर इटली का सामना करना है, जिसके बाद वे फिर से कोलकाता में इंग्लैंड से भिड़ेंगे। इंग्लैंड का सामना करने के बाद, बांग्लादेश को मुंबई जाकर वानखेड़े स्टेडियम में नेपाल के साथ खेलना है।