तुर्किये में सरकार विरोधी प्रदर्शनों को कवर करने वाले पत्रकारों पर कार्रवाई जारी है। पुलिस ने शुक्रवार को भी दो पत्रकारों को हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई सुबह-सुबह की गई। पुलिस ने इस्तांबुल में पत्रकारों के घरों पर छापेमारी कर उन्हें हिरासत में लिया है। इससे पहले भी 11 पत्रकारों को छापेमारी कर हिरासत में लिया गया था। हालांकि, बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।
शुक्रवार सुबह हिरासत में लिए गए पत्रकारों में एथकिन न्यूज एजेंसी की रिपोर्टर एलिफ बेबर्ट और एवरेंसल न्यूज वेबसाइट की निसा सुदा डेमिरल शामिल हैं। छापेमारी के दौरान पत्रकारों के साथ-साथ राजनीतिक कार्यकर्ताओं और ट्रेड यूनियनिस्टों को भी निशाना बनाया गया।
डेमिरल को आतंकवाद निरोधी कार्यालय ले जाया गया
एवरेंसल ने एक बयान जारी कर बताया कि हमारी रिपोर्टर निसा सुदा डेमिरल को पुलिस ने सुबह करीब 6 बजे उनके घर से हिरासत में लिया। उन्हें इस्तांबुल पुलिस के आतंकवाद निरोधी कार्यालय ले जाया गया है। डेमिरल ने इस्तांबुल सिटी हॉल विरोध प्रदर्शनों और विश्वविद्यालयों में बहिष्कार की रिपोर्टिंग की थी।
ये भी पढ़ें: Turkey: इमामोग्लू की गिरफ्तारी के खिलाफ प्रदर्शन करने वालों पर पुलिस ने किया बल प्रयोग, दागी रबड़ की गोलियां
तुर्किये पत्रकार संघ की अपील- मीडिया को अपना काम करने दिया जाए
इस बीच, रिपोर्टर्स विदाउट बॉर्डर्स ने पत्रकारों की गिरफ्तारी की निंदा की। इसके तुर्किये प्रतिनिधि एरोल ओंडेरोग्लू ने कहा कि पत्रकारों की हिरासत का कोई अंत नहीं है। वहीं, तुर्किये पत्रकार संघ ने अपील की है कि मीडिया को अपना काम करने दिया जाए और 'इन अवैध हिरासतों का अंत' किया जाए।
सप्ताह की शुरुआत में हिरासत में लिए गए थे 11 पत्रकार
इससे पहले भी 11 पत्रकारों को छापेमारी में हिरासत में लिया गया था। ये कार्रवाई इस सप्ताह की शुरुआत में की गई थी। हालांकि, उन्हें बाद में रिहा कर दिया गया, लेकिन उन पर 'अवैध रैलियों और मार्च में भाग लेने' का आरोप है।
सोज्कू टीवी पर 10 दिन का एयरवेव प्रतिबंध
इसके अलावा, तुर्किये के प्रसारण प्राधिकरण ने सोज्कू टीवी पर 10 दिन का एयरवेव प्रतिबंध लगाया है, और अन्य विपक्षी चैनलों पर भी जुर्माना और कार्यक्रम निलंबित किए हैं। ब्रिटेन के बीबीसी के एक संवाददाता को भी निर्वासित कर दिया गया है।
ये भी पढ़ें: Turkey: एर्दोआन ने विपक्ष पर लगाया देश की अर्थव्यवस्था को डुबाने का आरोप, मेयर को गिरफ्तारी के खिलाफ प्रदर्शन जारी
इमामोग्लू की गिरफ्तारी के बाद शुरू हुए थे प्रदर्शन
बता दें कि ये प्रदर्शन पिछले सप्ताह इस्तांबुल के विपक्षी मेयर एक्रेम इमामोग्लू की गिरफ्तारी के बाद शुरू हुए थे। वह राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोआन के प्रमुख प्रतिद्वंदी हैं। इमामोग्लू को भ्रष्टाचार के आरोपों में जेल में रखा गया था, जिसे कई लोग राजनीति से प्रेरित मानते हैं। हालांकि, सरकार का कहना है कि न्यायपालिका स्वतंत्र है और इसमें कोई राजनीतिक हस्तक्षेप नहीं है।
संबंधित वीडियो