कोरोना काल में नौकरी से हाथ धोना किसी सदमे से कम नहीं है। व्यक्ति विचलित होने के साथ हताशा में डूब जाता है और अप्रिय कदम तक उठा लेता है। ऐसा ही एक मामला अमेरिका के उत्तरी कैरोलिना में सामने आया। वॉलमार्ट द्वारा नौकरी से निकाले गए एक युवक ने अपनी कार से कहर बरपा दिया।
हुआ यूं कि 32 साल के लैसी कोरडेल जेंट्री को बीते दिनों अमेरिकी बहुराष्ट्रीय कंपनी वॉलमार्ट ने नौकरी से निकाल दिया था। इससे वह काफी गुस्से में था। एक दिन उसका गुस्सा सातवें आसमान पर चला गया। वह कार सेकान्कॉर्ड के थंडर रोड स्थित वॉलमार्ट स्टोर पर पहुंचा।
कार को बनाया हथियार
वहां पहुंचते ही उसने अपनी 2015 मॉडल फॉक्सवैगन कार लेकर वॉलमार्ट स्टोर पहुंचा और तेज गति से पहले स्टोर के प्रवेश द्वार को तोड़ डाला और कार से स्टोर का अंदरूनी हिस्सा भी तहस-नहस कर डाला। एक विशाल डिस्प्ले को क्षतिग्रस्त करने के बाद ही उसने कार रोकी। गनीमत है कि इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई।
पुलिस ने किया गिरफ्तार
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी लैसी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ घातक हथियार से एक सरकारी अधिकारी पर हमले, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और तोड़फोड़ का केस दर्ज किया गया है।
नौकरी से निकालने के दूसरे ही दिन बोला हमला
लैसी नौकरी से निकाले जाने से इतने गुस्से में था कि उसने दूसरे ही दिन सुबहसुबह इस हमले को अंजाम दे दिया। वह कार लेकर सीधे स्टोर पर पहुंचा और बेखौफ गदर मचा दिया। तात्कालिक आवेश के चलते उसे अब जेल की हवा खानी पड़ रही है। नौकरी तो गई ही, जेल की सजा भी काटना पड़ेगी।