ईरान में जारी तनाव पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सख्त लहजा अपना रखा है। इस बीच अब अमेरिका ने अपने नागरिकों को तुरंत देश छोड़ने की सख्त चेतावनी दी है। अमेरिका और ईरान के बीच बीते कई दिनों से चल रही तनातनी के बाद नई एडवाइजरी जारी की गई है। वर्चुअल अमेरिकी दूतावास ने अपने नागरिकों को चेताते हुए कहा है कि ईरान में सुरक्षा की स्थिति बहुत ज्यादा खराब हो गई है। ऐसे में सुरक्षा नागरिकों के लिए गंभीर जोखिम बन रही है।
सरकार की मदद के भरोसे ना रहे
दूतावास ने अपनी एडवाइजरी में जल्दी से जल्दी ईरान छोड़ने की सलाह दी है। इसी के साथ कहा कि नागरिक अपनी निकासी की योजना खुद बनाएं और इसमें अमेरिकी सरकार की ज्यादा मदद पर भरोसा न करें। दावा किया गया है कि मौजूदा हालात के मद्देनजर आधिकारिक मदद बेहद सीमित है।
ईरान में स्थित वर्चुअल अमेरिकी दूतावास ने अमेरिकी नागरिकों को बताया कि बढ़ती सुरक्षा चिंताओं, संचार पर प्रतिबंधों और अनिश्चित परिवहन संपर्कों ने ऐसी परिस्थितियां पैदा कर दी हैं, जो सुरक्षा को खतरे में डाल सकती हैं। बढ़ते तनाव और यात्रा में बाधाओं के बीच तेहरान और वाशिंगटन के बीच राजनयिक प्रयास भी चर्चा में हैं।
अधिकारियों का कहना है कि अमेरिका-ईरान परमाणु वार्ता ओमान समयानुसार सुबह 10 बजे (भारतीय समयानुसार रात 11.30 बजे) शुरू होने वाली है, जो लगभग नौ महीनों में पहली औपचारिक बैठक होगी। यह इस बात का संकेत है कि सुरक्षा जोखिमों के बावजूद दोनों पक्ष राजनयिक चैनलों के माध्यम से संपर्क साधने की कोशिश कर रहे हैं।
तत्काल बाहर निकलने की सलाह दी जाती है
'ईरान तुरंत छोड़ दें। ईरान से निकलने की ऐसी योजना बनाएं, जो अमेरिकी सरकार की मदद पर निर्भर न हो। दूतावास ने अपनी सलाह इस बात को कहा है। साथ ही इस बात पर जोर दिया गया है कि आधिकारिक निकासी सहायता की सीमाओं को देखते हुए लोगों को अपनी वापसी की व्यवस्था स्वतंत्र रूप से करनी चाहिए।
ये भी पढ़ें: US-Iran: ईरान और अमेरिका की बीच तनाव कम करने की कोशिशें जारी, ओमान कर रहा है मध्यस्थता
बता दें कि ईरान में राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शनों के कारण सुरक्षा उपायों में सख्त इजाफा हुआ है, जिसमें सड़कों को बंद करना, सार्वजनिक परिवहन में व्यवधान और इंटरनेट पर लगातार प्रतिबंध शामिल हैं, जिससे मोबाइल, लैंडलाइन और राष्ट्रीय ऑनलाइन नेटवर्क तक पहुंच बाधित हो रही है। एयरलाइंस ने देश से आने-जाने वाली उड़ानों को सीमित करना या रद्द करना जारी रखा है, जिससे देश छोड़ने की कोशिश कर रहे यात्रियों के लिए अनिश्चितता और बढ़ गई है।
अन्य वीडियो