अमेरिकन एयरलाइंस ने रविवार को बोइंग 737 मैक्स की उड़ानों को अगस्त के मध्य तक स्थगित करने की घोषणा की है। हालांकि एयरलाइंस बोइंग और अमेरिकी संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) द्वारा विमानों के कंट्रोल सिस्टम को ठीक करने का इंतजार कर रही हैं। इसी सिस्टम के कारण पांच महीने से भी कम समय में विमान से दो बड़े हादसे हुए हैं। विमानों को कैंसल करने से 19 अगस्त तक रोजाना 115 उड़ानें प्रभावित होंगी।
एयरलाइन ने एक खत में कहा है कि उसने गर्मियों की यात्रा के मौसम में ये कदम ग्राहकों में विश्वास बनाए रखने के लिए उठाया है। बीते महीने बोइंग 737 मैक्स की सेवाओं पर दुनियाभर में रोक लग गई थी। ऐसा इथोपिया विमान हादसे के बाद हुआ। इथोपिया विमान हादसे से पहले इंडोनेशिया में भी लायन एयर का बोइंग विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। दोनों हादसों में 346 लोगों की मौत हो चुकी है।