याहू न्यूयॉर्क स्थित ब्लागिंग सर्विस टम्बलर को 1.1 अरब डॉलर में खरीदने को तैयार हो गया है। याहू टम्बलर को यह राशि नगद रूप में देगा।
याहू के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मैरिसा मेयर ने कहा है कि टम्बलर सही तरीके से चलता रहे, उस वादे के तहत टम्बलर पूरी तरह से स्वतंत्र रूप से काम करेगा।
डेविड कार्प टम्बलर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के रूप में बने रहेंगे। मैरिसा मेयर पिछले साल जुलाई में ही याहू से जुड़ीं थी। यह मेयर की ओर से याहू के लिए किया गया सबसे बड़ा करार है। मेयर ने इस करार को कंपनी के लिए 'एक विशिष्ट अवसर' बताया।
मेयर के अनुसार अब याहू और टम्बलर पूरी तरह से अलग-अलग भी नहीं रह सकते और न ही एक दूसरे पर बहुत ज्यादा आश्रित हो सकते हैं।
ख़ुशी
26 वर्षीय कार्प ने 2007 में मार्को अर्मेंट के साथ मिलकर टम्बलर की नींव रखी थी। कार्प कंपनी में 25 प्रतिशत के हिस्सेदार हैं। याहू के साथ हुए करार के बाद कार्प ने बताया कि ''वो इस करार से बहुत खुश हैं। ज्यादा संसाधन प्राप्त होने के बाद टम्बलर पहले से ज्यादा बेहतर और तेज़ हो जाएगा।
कार्प के अनुसार ''याहू से हुए करार के बाद न तो टम्बलर का लक्ष्य बदलेगा न ही उनकी टीम बदलेगी।'' याहू की ओर से 1.1 अरब डॉलर में सौदा होना टम्बलर के बढ़ती साख का भी सबूत है। इसके पहले टम्बलर ने जब निजी निवेशकों से पैसा लिया था तो इसका बाजार मूल्य 80 करोड़ डॉलर ही लगाया गया था।
टम्बलर में ब्लॉगिंग और सोशल नेटवर्किंग दोनों की सुविधाएं साथ-साथ उपलब्ध हैं। टम्बलर के सरल डिजाइन ने अपनी शुरुआत से ही लाखों लोगों को लुभाना शुरू कर दिया था।
टम्बलर के होमपेज के अनुसार इस वक्त इससे 108 अरब ब्लॉग और 50.7 अरब पोस्ट जुड़े हुए हैं। मोबाइल पर भी टम्बलर की अच्छी उपस्थिति है।
बढ़ता राजस्व
यूजर्स में अत्यधिक लोकप्रिय होने के बावजूद टम्बलर को शुरू से पैसे के लिए संघर्ष करना पड़ रहा था। टम्बलर ने खुद को विज्ञापनों से भी यथासंभव दूर रखा था।
टम्बलर ने पिछले साल अप्रैल से सीमित रूप में विज्ञापन शुरू करने की घोषणा की थी।
इसके बावजूद फोर्ब्स पत्रिका की एक रिपोर्ट के अनुसार साल 2012 में टम्बलर को राजस्व के रूप में मात्र एक करोड़ 30 लाख डॉलर मिले थे।
अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि याहू के साथ करार होने के बाद टम्बलर पर विज्ञापनों की संख्या बढ़ेगी या नहीं।
याहू अभी भी इंटरनेट की दुनिया में एक बड़ी ताकत है। हर महीने करीब 70 करोड़ लोग याहू की वेबसाइट पर आते हैं। विज्ञापन याहू की आय का सबसे प्रमुख स्रोत है।
हालांकि मोबाइल पर याहू का प्रयोग सीमित है। सर्च इंजन की रैंकिग में भी याहू गूगल से काफी पीछे है।
याहू ने 2012 में एक हज़ार नौकरियों की कटौती की थी। याहू के अंदर इस बात को लेकर भी बहस होती रही है कि याहू मीडिया कंटेंट पर अपना ध्यान लगाए या फिर टूल्स और टेक्नॉलॉजी के क्षेत्र में।