अमरीका के कैलिफोर्निया प्रांत में दस साल पहले लापता हुई एक महिला ने पुलिस को बयान दिया है कि उसका अपहरण किया गया था और उसे अपहरणकर्ता ने शादी करने के लिए मजबूर किया गया और फिर वो उसके बच्चा की मां बनी।
अधिकारियों का कहना है कि सांता एना की इस महिला ने फेसबुक पर अपनी बहन से मुलाकात के बाद पुलिस से संपर्क किया।
पच्चीस साल की इस महिला को पंद्रह वर्ष की उम्र में अगवा किया गया था।
क्या कह रही पुलिस!
पुलिस ने मंगलवार को 41 वर्षीय इसिद्रो गार्सिया को अपहरण, बलात्कार और कैद में रखने के आरोपों में हिरासत में लिया है।
पुलिस का कहना है कि कि गार्सिया लडकी के गायब होने के वक्त महिला के परिवार के साथ ही रह रहा था।
पुलिस के बयान के मुताबिक 2004 में गार्सिया के संबंध पीडिता की मां के साथ थे और वो उन्हीं के साथ रह रहे थे।
पीडिता का यौन शोषण
पुलिस के मुताबिक गार्सिया ने जून 2004 से ही पीडिता का यौन शोषण शुरू किया। दो महीने बाद उन्होंने पीडिता के मां पर हमला किया और पीडिता को नशा देकर अपने साथ करीब चालीस किलोमीटर दूर ले गया। यहां लडकी को एक गैराज में बंद करके रखा गया।
अगले कुछ महीनों तक वह लडकी से कहता रहा कि उनके परिवार ने उनकी तलाश खत्म कर दी है और अगर वो वापस अपने परिवार के पास जाती हो तो उनके परिवार को देश निकाला दे दिया जाएगा। पुलिस के मुताबिक गार्सिया ने लडकी को फर्जी पहचान पत्र भी दिए थे।
पुलिस से बचने के लिए दोनों ने कई बार स्थान बदले। इस दौरान गार्सिया ने लगातार लडकी का शारीरिक शोषण किया और कई बार उनके साथ मारपीट भी की।
पहला मामला नहीं
पुलिस के मुताबिक लडकी के पास भागने के कई मौके थे लेकिन फिर भी वो गार्सिया के साथ रहकर शारीरिक और मानसिक शोषण झेलती रही। 2007 में गार्सिया ने लडकी को शादी करने के लिए मजबूर किया और 2012 में उन्होंने एक बच्चे को जन्म दिया।
हाल ही में पीडिता ने फेसबुक पर अपनी बहन को खोजा जिसके बाद उनमें पुलिस के पास जाने की हिम्मत आई।
स्थानीय मीडिया में आई रिपोर्टों के मुताबिक सोमवार शाम को महिला ने पुलिस को फोन करके पारिवारिक झगडे की बात बताई गई। पुलिस के पहुंचने पर महिला ने बताया कि उन्हें दस साल पहले अगवा किया गया था।
मंगलवार को हिरासत में लिए गए गार्सिया पर अभी औपचारिक तौर पर आरोप दर्ज नहीं किए गए हैं।
पिछले साल ओहायो के क्लीवलैंड में एक घर से अलग-अलग समय पर लापता हुईं तीन महिलाओं को छुडाया गया था। इन महिलाओं के अपहरणकर्ता एरियल कास्त्रो को आजीवन कारावास और एक हजार सालों की सजा सुनाई गई थी। कास्त्रो ने सितंबर 2013 में जेल में ही आत्महत्या कर ली थी।