अमेरिका ने आतंकवाद के मुद्दे पर पाकिस्तान को कड़ी नसीहत दी है। अमेरिका ने पाक से दो टूक कहा कि वह अपने पड़ोसी देशों पर हमला करने वाले आतंकी संगठनों के खिलाफ कार्रवाई करे। उसने कहा कि पाक उन्हीं आतंकी संगठनों के खिलाफ ही कार्रवाई न करे, जो सिर्फ उसके लिए खतरा बने हैं।
अमेरिका का यह बयान सार्क के गृहमंत्रियों की बैठक में भारत की ओर से सभी आतंकी संगठनों पर कार्रवाई करने की मांग के समर्थन में आया है। अमेरिकी विदेश विभाग के उप प्रवक्ता मार्क टोनर ने कहा कि हमने पाकिस्तान सरकार से साफ कहा है कि वह अपने पड़ोसी देशों पर हमला करने वाले आतंकी समेत सभी आतंकी संगठनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।
साथ ही पाक की जमीं से आतंकियों के सभी सुरक्षित ठिकानों का खात्मा करें। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान चुनिंदा आतंकी संगठनों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है। हम चाहते हैं कि पाकिस्तान सिर्फ खुद के लिए खतरा बने आतंकी संगठनों के खिलाफ ही कार्रवाई न करे, बल्कि पड़ोसी देशों पर हमला करने वाले आतंकी संगठनों के खिलाफ भी कार्रवाई करे।