व्हाइट हाउस के चीफ ऑफ स्टाफ जॉन कैली के इस्तीफे की खबरों के बीच अब माइक मलवाने का नाम उनके विकल्प के तौर पर सामने आया है। इसकी घोषणा खुद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने की है। बता दें कि माइक अर्थशास्त्र के जानकार हैं और लंबे समय से वित्तीय कार्यभार संभाल रहे हैं। कई दिनों से राष्ट्रपति डोनाल्ड और कैली के बीच बोलचाल बंद है। बीते अक्तूबर में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जॉन बोल्टन से एक बैठक के दौरान तू-तू मैं-मैं के बाद भी कैली के इस्तीफे की चर्चा हुई थी।
चीफ ऑफ स्टाफ पद पर तैनाती के 17 महीने में कई मुद्दों पर ट्रंप और कैली के बीच मतभेद भी कटु-संबंधों में बदल चुके हैं। इससे पहले व्हाइट हाउस में कैली से दो साल और पद पर बने रहने का आग्रह किया था लेकिन ट्रंप ने उनकी जगह नियुक्ति के लिए उपयुक्त नामों की तलाश शुरू कर दी थी।
व्हाइट हाउस के नए चीफ ऑफ स्टाफ के लिए उपराष्ट्रपति माइक पेंस के चीफ ऑफ स्टाफ निक ऑयर्स सबसे मजबूत दावेदार कहे जा रहे थे लेकिन अब माइक मलवाने का नाम सामने आने के बाद सभी अटकलों पर विराम लग गया है।