अमेरिका के क्लीवलैंड शहर में हाथ में नकली बंदूक लिए 12 साल के एक बच्चे की पुलिस की गोली से मौत हो गई है।
पुलिस के अनुसार जब बच्चे ने अपने हाथ ऊपर करने के पुलिस के आदेश को नहीं माना तो पुलिस ऑफिसर ने गोली चलाई जिससे बच्चे की मौत हो गई।
एक व्यक्ति ने पुलिस को फोन पर खबर दी थी कि खेल के एक मैदान में एक बच्चा हाथ में बंदूक लिए हुए है जिससे लोग डरे हुए हैं। लेकिन फोन करने वाले ने कहा कि उसे ये नहीं पता था कि बच्चे के हाथ में असली बंदूक है या नकली।
घटना स्थल पर पहुंचे पुलिस दल में एक अधिकारी अपनी नौकरी के पहले साल में हैं जबकि दूसरे अधिकारी को 10 साल से अधिक का अनुभव है।
क्लीवलैंड पुलिस के उपप्रमुख एड टॉम्बा ने कहा कि बच्चे को दो बार गोली मारी गई और अस्पताल में उसकी मौत हो गई। टॉम्बा ने बताया कि बच्चे ने न किसी को कोई धमकी दी थी और न ही पुलिस अधिकारियों की तरफ़ बंदूक तानी थी।
पुलिस के अनुसार बच्चे के पास एयरसॉफ़्ट गन थी जो कि एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल की तरह लग रही थी।
क्लीवलैंड पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष जेफ फॉलमर के अनुसार घटना पर भेजे गए पुलिस ऑफिसरों को ये नहीं बताया गया था कि पुलिस को फोन करने वाले ने दर असल क्या कहा था।
बीबीसी के डेविड विलीस के अनुसार घटने की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और दोनों पुलिस अधिकारियों को फ़िलहाल छुट्टी पर भेज दिया गया है।