अमेरिका में नस्ली हमले में भारतीय इंजीनियर के मौत के बाद एक और भारतीय के साथ 'हेट क्राइम' का मामला सामना आया है। अमेरिका के कोलोराडो में रहने वाले एक भारतीय पर कुछ लोगों ने अंडे के छिलके और कुत्ते का मल फेंका। साथ उसे लगातार कई नफरत से भरे संदेश भी भेजे गए।
यह मामला 6 फरवरी का है। मामला समाने आने के बाद अब अमेरिका की केंद्रीय जांच एजेंसी, एफबीआई जांच में जुट गई है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक भारतीय के घर तमाम स्टिकर चिपके हुए थे जिनपर नफरत से भरे संदेश और नस्लीय टिप्पणियां लिखी हुई थीं।
भारतीय ने बताया कि उसके घर के दरवाजे, खिड़कियों और कार पर 50 से ज्यादा स्टिकर चिपके हुए थे। साथ ही अज्ञात लोगों के एक समूह ने उसके घर में लगभग तीन दर्जन अंडों के छिलके फेंके। उन्होंने आगे बताया कि एक कागज पर उसके घर के बाहर लिखा था कि 'तुम भूरे या भारतीय जो भी हो, तुम्हें यहां नहीं रहना चाहिए।'
भारतीय ने बताया कि इस पूरे वाकये के दौरान उनके पड़ोसियों ने उनका काफी साथ दिया। उसके पड़ोसी उसके घर आए और उन्होंने घर को साफ करने में भी सहयोग दिया।