अमेरिका और चीन के बीच जारी ट्रेड वॉर अब और बढ़ने की आशंका है। ट्रंप प्रशासन चीन के आयात पर 200 अरब डॉलर के आयात शुल्क दुगने से अधिक ढाई गुना करने की योजना पर विचार कर रहा है।
इस मामले से जुड़े तीन लोगों ने बताया कि बीजिंग को बातचीत की टेबल तक लाने के लिए दबाव बनाने के मकसद से अमेरिका, चीन से आयातित उन वस्तुओं पर आयात शुल्क में ढाई गुना की बढ़ोतरी कर सकता है, जिनके बारे में वह 200 अरब डॉलर का टैरिफ लगाने को कह चुका है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने चीन से आयातित करीब 200 अरब डॉलर के सामान पर 10 प्रतिशत आयात शुल्क का प्रस्ताव दिया था लेकिन अब इस आयात शुल्क को 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 25 प्रतिशत तक किए जाने का प्रस्ताव हो सकता है।
चीन से आयात होने वाले लगभग 34 अरब डॉलर के सामान पर अमेरिका पहले ही 10 प्रतिशत आयात शुल्क लगा चुका है जबकि अमेरिकी राष्ट्रपति इस आयात शुल्क को 200 अरब डॉलर तक के सामान तक ले जाने की धमकी दे चुके हैं। अब यह 10 प्रतिशत से बढ़कर 25 प्रतिशत तक किया जा सकता है।
हालांकि इस मामले पर ट्रंप प्रशासन से जुड़े तीन अधिकारियों में से एक ने नाम गोपनीय रखने की शर्त पर बताया कि इन दिनों अमेरिकी वित्तमंत्री स्टीवन नुचिन और चीन के वाइस प्रीमियर लियु हे समझौते के रास्ते ढूंढने के लिए निजी संवाद जारी रखे हुए हैं। लेकिन ट्रंप के तेवर अब भी नरम नहीं हैं।