संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरस (फाइल फोटो)
संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरस ने चुनाव में धांधली के आरोपों के बीच कहा है कि वह पाकिस्तान चुनाव आयोग (पीईसी) को समर्थन जारी रखेंगे। गुटेरस ने पाकिस्तान के लोगों को मतदान के संवैधानिक अधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए बधाई भी दी। वह पाकिस्तान में नई सरकार बनने को लेकर आशान्वित हैं।
गुटेरस के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने शुक्रवार को बताया कि संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने चुनावों में महिलाओं, दिव्यांगों, कमजोर तबकों और पहली बार प्रक्रिया में शामिल होने वाले मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने की कोशिशों के लिए पाक चुनाव आयोग की तारीफ की है।
ये भी पढ़ें- पाक सरकार के साथ काम के मौके तलाशेगा अमेरिका, आम चुनाव में पाक सेना की भूमिका पर जताई चिंता
पाकिस्तान के कुछ राजनीतिक दल चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ियों का आरोप लगाकर नतीजों को खारिज कर रहे हैं। बावजूद इसके संयुक्त राष्ट्र पाक चुनाव आयोग को समर्थन जारी रखने को प्रतिबद्ध है।
स्टीफन ने कहा कि गुटरेस पाकिस्तान में नई सरकार के गठन को लेकर आशान्वित हैं। साथ ही उम्मीद करते हैं कि नई सरकार पाकिस्तान को स्थिर, लोकतांत्रिक और समृद्ध भविष्य देने में सक्षम होगी। 25 जुलाई को हुए आम चुनाव में इमरान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उभरी है।