डोनल्ड ट्रंप के पास कितनी दौलत है इसका ठीक-ठीक पता सिर्फ उन्हें या उनके करीबी लोगों को ही होगा, बाकी लोग सिर्फ अंदाजा लगा सकते हैं। इसकी वजह ये है कि डोनल्ड ट्रंप का गोल्फ कोर्स, रियल एस्टेट, कसीनो और होटलों का कारोबार पूरी तरह प्राइवेट लिमिटेड है यानी उन पर बैलेंस शीट जारी करने की बाध्यता नहीं है। इसके अलावा डोनल्ड ट्रंप ने अपने निजी टैक्स रिर्टन को भी गोपनीय रखा है, कई बार उसे जाहिर करने की मांग वे ठुकरा चुके हैं।
दौलतमंदों पर नजर रखने वाली कंपनियां फोर्ब्स और ब्लूमबर्ग के अनुमान काफी अलग-अलग हैं। फोर्ब्स के मुताबिक, ट्रंप की कुल दौलत 4.5 अरब डॉलर है जबकि ब्लूमबर्ग के मुताबिक 2.9 अरब डॉलर। फोर्ब्स की अमरीका के अमीरों की लिस्ट, जिसमें अरबपतियों के नाम शामिल हैं, ट्रंप का नाम नहीं है क्योंकि फोर्ब्स सिर्फ उन्हीं लोगों की लिस्ट छापता है जिनकी दौलत आधिकारिक रूप से घोषित है।
भारत में 21 लोग ऐसे हैं जो ट्रंप से अधिक अमीर हैं
ट्रंप
- फोटो : ANI
अगर फोर्ब्स के आकलन को सही माना जाए, जिसके हिसाब से ट्रंप की कुल दौलत 4.5 अरब डॉलर है, तो अमरीका में कम-से-कम 120 लोग उनसे ज्यादा अमीर हैं। अमरीकी नियमों की वजह से ट्रंप ने अपनी कंपनियां अब अपने तीन बच्चों डोनल्ड जूनियर, इवांका और एरिक के हवाले कर दी हैं, कम-से-कम आधिकारिक तौर पर, क्योंकि उन पर कई इंटरनेशनल बिजनेस डील राष्ट्रपति बनने के बाद भी करने के आरोप लगे हैं।
फोर्ब्स के आधिकारिक आकलन के मुताबिक, भारत में 21 लोग ऐसे हैं जो ट्रंप से अधिक अमीर हैं और कुछ तो खासे अमीर हैं, मुकेश अंबानी (22 अरब डॉलर) से लेकर सुभाष चंद्रा (5.6 अरब डॉलर) उनसे अधिक अमीर हैं।