अपने एक ट्वीट को लेकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर एक बार फिर महिलावादी टिप्पणी के आरोप लगे हैं। उन्होंने अमेरिकी टीवी चैनल एमएसएनबीसी पर सुबह का कार्यक्रम ‘मॉर्निग जो’ पेश करने वाली पत्रकार मीका ब्रेजिंस्की पर असभ्य टिप्पणी करके महिलाओं के प्रति अपने नजरिए को एक बार फिर उजागर किया है। ट्रंप ने इस कार्यक्रम में मीका की उपस्थिति और बौद्धिक क्षमता पर उन्हें ‘कम आईक्यू वाली क्रेजी मीका’ कहा। ट्रंप ने मीका के को-प्रेजेंटर जो स्कारबरो को भी अपने ट्वीट में ‘पागल’ बताया।
ट्रंप के अपशब्दों में हैल्थ केयर बिल पर रिपब्लिकन महिलाओं और निर्दलियों का समर्थन खत्म करने की धमकी भी छिपी थी। ट्रंप ने यह दावा भी किया कि उनके फ्लोरिडा स्थित रिसॉर्ट पर नए साल की एक पार्टी के दौरान चेहरे पर प्लास्टिक सर्जरी कराने वाली मीका बेहद खराब दिख रही थीं।
व्हाइट हाउस ने यह नहीं बताया कि मीका पर ट्रंप इतने क्यों भड़के, लेकिन एक महिला प्रवक्ता ने कहा कि - ‘ब्रेजिंस्की इस निंदा की हकदार थीं, क्योंकि उनके टीवी शो में ट्रंप पर काफी कठोर रुख अपनाया हुआ था।’ प्रवक्ता सारा हुकाबी ने मीडिया पर सरकार के खिलाफ युद्ध छेड़ने का आरोप भी लगाया। इस बीच 50 वर्षीय मीका ब्रेजिंस्की ने ट्रंप के जवाब में बच्चों के खाने का एक विज्ञापन ट्वीट किया जिस पर तंज किया है - नन्हें हाथों के लिए खाना बनाया गया।
टीवी शो पर ट्रंप के पक्ष में रहने के लग चुके हैं आरोप
trump
अमेरिकी राष्ट्रपति के इस ट्वीट से ट्रंप की लैंगिक मामलों में बरती जाने वाली खामोशी अंतत: टूट गई है। महिलाओं को उम्र, रंग-रूप और मानसिक क्षमता के आधार पर टिप्पणी करने का ट्रंप का इतिहास रहा है। इस टिप्पणी के बाद रिपब्लिकन पार्टी के ही नेताओं ने ट्रंप के प्रति असहमति जाहिर की।
उदारवादी महिला रिपब्लिकन सीनेटर सुसन कोलिंस ने कहा कि - मैं हताश हूं और ऐसी बातों को किसी भी हालत में रोकना होगा। अलास्का की एक और रिपब्लिकन सीनेटर लिसा मुर्कोव्स्की ने भी कहा कि इसे रोकना होगा, क्योंकि राष्ट्रपति के मंच का उपयोग लोगों के नीचे लाने से कहीं ज्यादा है। ओकलाहोमा के रिपब्लिकन सीनेटर जेम्स लेंकफोर्ड और नेबरास्का के रिपब्लिकन सीनेटर बेन सस्से ने भी ट्रंप की टिप्पणी को गैर जरूरी बताया।
राष्ट्रपति चुनाव के दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने कई बार एमएसएनबीसी टीवी चैनल पर मॉर्निग जो कार्यक्रम में भाग लिया था। इस कार्यक्रम पर ट्रंप के प्रति पक्षपाती रवैये का आरोप भी लगा था, लेकिन बाद में इसी कार्यक्रम में ट्रंप के बारे में जब जांच पड़ताल शुरू हुई तो संबंधों में खटास आ गई। राष्ट्रपति बनने के बाद मीका ब्रेजिंस्की और जो स्कारबरो ने ट्रंप को झूठा राष्ट्रपति भी कहा। कुछ समय पहले ही जो स्कारबरो ने ट्रंप को अनाड़ी पागल कहते हुए उन्हें अपनी पेंट गंदी करने वाले बच्चे की तरह बताया था। इसी तरह मीका ने ट्रंप प्रशासन को मानसिक बीमार कहा था।
रिपब्लिकन पार्टी से रह चुका है पत्रकारों का जुड़ाव
अमेरिकी टीवी चैनल के होस्ट मीका ब्रेजिंस्की और जो स्कारबरो मूलत: रिपब्लिकन पार्टी से जुड़े होने का इतिहास रहा है। मीका पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति कार्टर और जानसन के सहयोगी रहे जबिग्नीव ब्रेजिंस्की की बेटी हैं जबकि जो स्कारबरो खुद एक रिपब्लिकन नेता रह चुके हैं। माना जा रहा है कि इसी कारण इन पत्रकारों के रिपब्लिकन नेताओं से अच्छे संबंध हैं।