अमेरिका के नव-निर्वाचित राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने ट्रंप यूनिवर्सिटी पर चल रहे तीन मुकदमों का निपटारा कोर्ट के बाहर कर लिया है। इसके लिए उन्हें ढाई करोड़ डॉलर चुकाने पड़े। न्यूयॉर्क के अटॉर्नी जनरल ने यह जानकारी दी है।
मुकदमा उन पूर्व छात्रों ने दायर किया था, जिन्होंने ट्रंप के 'चुनिंदा' इंस्ट्रक्टरों से मिली रियल एस्टेट की 'गोपनीय जानकारी हासिल करने के लिए' के लिए 35 हजार डॉलर का भुगतान किया था। ट्रंप इससे पहले कई बार कह चुके थे कि वो इन मुकदमों को सेटल नहीं करेंगे।
अटॉर्नी जनरल एरिक श्नाइडरमैन ने कहा कि यह सेटलमेंट ट्रंप के रुख में 'हैरतअंगेज बदलाव' और पीड़ित पक्ष के लिए 'बड़ी जीत' है। लेकिन ट्रंप के वकील डेनियल पेट्रोसेली ने कहा कि उनके मुवक्किल इस नतीजे से खुश हैं। उन्होंने कहा, ''वो निजी हितों को ताक पर रखकर इस पूरे मामले को पीछे छोड़कर आगे बढ़ना चाहते थे।'' ट्रंप कैलिफोर्निया और न्यूयॉर्क में तीन मुकदमों का सामना कर रहे थे, जिनमें आरोप लगाया था कि उनके स्कूल ने छात्रों को भ्रमित किया और वादे भी पूरे नहीं किए।