भारतीय-अमेरिकी अरुणा विश्वनाथन को 19वें इंडो-अमेरिकन चैंबर ऑफ कॉमर्स ऑफ ग्रेटर ह्यूस्टन (आईएसीसीजीएच) समारोह में ‘वूमेन इन बिजनेस: मेकिंग ए डिफरेंस’ अवार्ड से नवाजा गया। समारोह में अरुणा के अलावा दो अमेरिकी महिलाओं कार्लेसिया राइट और ज्वेल स्मिथ को भी सम्मानित गया।
अरुणा एलफैक्स डिसिजन साइंसेज की मुख्य संचालन प्रबंधक हैं। यह कंपनी क्लाउड इंफास्ट्रक्चर सॉल्यूशन और आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस सॉफ्टवेयर विकसित करती हैं। इनके अलावा ग्रेटर ह्यूस्टन में आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के लिए दिग्गज कंपनी विप्रो को ‘इनबाउंड इंवेस्टमेंट’ अवार्ड दिया गया।
साल के सर्वश्रेष्ठ उद्यमी का अवार्ड ज्वेलरी स्टोर के मालिक चितरंजन अकु पटेल को दिया गया। ह्यूस्टन में भारत के महावाणिज्य दूत डॉ. अनुपम राय और हैरिस काउंटी के जज एड एमट ने विजेताओं को सम्मानित किया।
आईएसीसीजीएच के संस्थापक निदेशक जगदीप अहलूवालिया ने बताया कि 1999 से अस्तित्व में आने के बाद से ही चैंबर ने दूसरे चैंबर ऑफ कॉमर्स और अन्य आर्थिक संस्थाओं के साथ संबंधों को मजबूत किया है, ताकि ह्यूस्टन और भारत के बीच द्विपक्षीय व्यापार बढ़ाया जा सके। इससे ग्रेटर ह्यूस्टन क्षेत्र में आर्थिक विकास को तेजी मिलेगी।