अमेरिका की सिलिकॉन वैली में रहने वाले डेविड कैसारेज ने बेरोजगारी से निपटने के लिए एक अनोखा तरीका अपनाया। उसने हार न मानते हुए सड़क पर लोगों को अपना रिज्यूमे बांटना शुरू कर दिया। इसके साथ ही उसने अपने हाथ में तख्ती भी पकड़ी जिसपर लिखा था बेघर लेकिन सफलता का भूखा, रिज्यूमे ले लीजिए। वेब डेवलेपर का काम कर चुके इस व्यक्ति का ये तरीका काम आ गया और उसे गूगल, लिंक्डइन समेत 200 कंपनियों से ऑफर मिलने लगे।
ट्विटर पर पोस्ट हुई थी फोटो
डेविड की ये तरकीब सफल तब हुई जब एक महिला ने उसकी फोटो रिज्यूमे के साथ ट्विटर पर पोस्ट कर दी। इसके बाद तो मानों नौकरियों की झड़ी सी लग गई। अब उसे इन बड़ी कंपनियों से फोन आ रहे हैं।
पैसा हो गया था खत्म
डेविड का कहना है कि वह नौकरी की तलाश करते करते थक गया था और उसके पास जितने भी पैसे थे वह खत्म हो चुके थे। वह न तो घर जाना चाहता था और न ही हार मानना चाहता था। उसने इसके बाद सिलिकॉन वैली की गलियों में रिज्यूमे बांटना शुरू कर दिया।
लोगों ने चलाया 'गेट डेविड अ जॉब' # अभियान
जब डेविड सिलिकॉन वैली की गलियों में रिज्यूमे बांट रहा था तो उसे जैसमीन स्कॉफील्ड नाम की एक महिला ने देख लिया। उसने ही ट्वीटर पर डेविड को नौकरी दिलाने के लिए उसका और उसके रिज्यूमे का फोटो पोस्ट किया। जिसके बाद लोगों ने 'गेट डेविड अ जॉब' (डेविड को नौकरी दिलाओ) हैशटैग अभियान शुरू कर दिया। इसके लिए लोगों ने जैसमीन से भी संपर्क किया। जैसमीन का कहना है कि डेविड के पास बहुत सारे नौकरी के ऑफर आ चुके हैं।
नौकरी से निकाल दिया गया था
टेक्सास की यूनिवर्सिटी से मैनेजमेंट की पढ़ाई कर चुके डेविड को नौकरी से निकाल दिया गया था। उसने साल 2014 से 2017 तक जनरल मोटर्स में काम काम किया था।