मिशिगन (अमरीका) के रोजविल में 10 वर्षीय किशोर ने एक फिल्म के सीन की नकल कर अपने डूबते हुए 2 साल के भाई की जान बचाई है। जैकब ओकोनर ने जब अपने भाई डेलन को स्विमिंग पूल में डूबते हुए देखा तो उसने किसी को मदद के लिए बुलाने की जगह ड्वेन जॉनसन उर्फ द रॉक की अपनी पसंदीदा फिल्म सेन एंड्रियस का सीन दोहराया। इस घटना के बारे में सुनकर ड्वेन जॉनसन ने ट्वीट कर जैकब की तारीफ की है।
मां को बेटे पर गर्व
जैकब की मां क्रिस्टा ओकोनर ने बीबीसी से कहा है कि उन्हें अपने बेटे पर गर्व है और उसकी तारीफ के लिए उनके पास शब्द नहीं हैं। दरअसल, जैकब की मां ऑफिस गई हुईं थी तो वह अपने 8 वर्षीय भाई गैविन और डेलन के साथ घर में अपनी दादी के साथ था। डेलन खेलते हुए गार्डन में चला गया और स्विमिंग पूल में गिर गया। इसके बाद जैकब ने स्विमिंग पूल में कूदकर डेलन को बाहर निकाला और उसके सीने पर हाथ से दबाव देने लगा जैसे उसने सेन एंड्रियस में देखा था।
पढ़ें: मैकडॉनल्ड करेगी कम एंटीबायोटिक पर पले चिकन का इस्तेमाल
शुरुआत में जैकब को लगा था डर
जैकब कहता है कि जब उसने भाई को डूबते हुए देखा तो वह डर गया था लेकिन उसने अपनी पसंदीदा फिल्म का सीन याद किया और स्विमिंग पूल मे कूद गया। वह कहता है कि उसे फिल्म का वह सीन याद था जिसमें भूकंप के बाद सुनामी आती है और एक लड़की डूब रही होती है।
वह बताता है कि अधिकतर फिल्मों में यह दिखाया जाता है कि कोई शख्स पहले किसी की जान बचाता है और अगर वह ऐसा नहीं कर पाता है तो वह किसी की मदद लेता है। सीने को कई बार दबाने के बाद भी जब डेलन के होश नहीं आया तो उसने अपनी दादी को बुलाया और फिर उसे अस्पताल ले जाया गया। जहां वह अब खतरे से बाहर है।