अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की उम्मीदवारी के दावेदार डोनाल्ड ट्रंप दुनिया भर में सुर्खियां बटोर रहे हैं। लेकिन एक आर्थिक शोध संस्था का कहना है कि उनका राष्ट्रपति बनना दुनिया के लिए खतरनाक हो सकता है।
इकॉनोमिस्ट इंटेलीजेंस यूनिट (ईआईयू) ने ट्रंप के राष्ट्रपति बनने को दुनिया के सामने मौजूद 10 सबसे बडे जोखिमों में गिना है। संस्था का कहना है कि वो विश्व अर्थव्यवस्था में व्यवधान डाल सकते हैं और उनके राष्ट्रपति बनने से अमेरिका में राजनीति और सुरक्षा के खतरे भी पैदा हो सकते हैं।
हालांकि ईआईयू ने ऐसी संभावना नहीं जताई है कि ट्रंप हिलेरी क्लिटंन को हरा सकते हैं, जिन्हें उनकी संभावित डेमोक्रेटिक प्रतिद्वंद्वी के तौर पर देखा जा रहा है।ट्रंप के राष्ट्रपति बनने को ब्रिटेन के यूरोपीय संघ छोडने या साउथ चाइना सी में सशस्त्र झडप होने से भी ज्यादा जोखिम भरा माना जा रहा है। ईआईयू ने जिन अन्य बातों को वैश्विक जोखिमों में शामिल किया उनमें चीन की आर्थिक मुश्किलें, यूक्रेन में रूस का हस्तक्षेप और सीरिया संकट हैं।
ईआईयू वैश्विक जोखिमों को एक से 25 तक के पैमाने पर मापता है और इसमें ट्रंप को 12 अंक दिए गए हैं। इसी स्तर पर जिहादियों की वजह से वैश्विक अर्थव्यवस्था में पैदा होने वाली अस्थिरता की आशंका को रखा गया है।