अमेरिका में लास वेगास के एक कंसर्ट में गोलीबारी कर 59 लोगों की जान लेने वाले स्टीफन पैडक पेशे से एक अमीर अकाउंटेट और बड़े जुआरी थे। वे रिटायरमेंट के बाद अपनी प्रेमिका के साथ रह रहे थे। अधिकारियों के अनुसार पैडक के पास पायलट और शिकार करने का लाइसेंस था और उनका कोई आपराधिक रिकॉर्ड भी नहीं है।
पैडक के एक पड़ोसी ने बताया कि उनका दो बार तलाक हो चुका है। उन्होंने पैडक को एक अजीब शख्स बताया। हालांकि पैडक के भाई ने उन्हें एक सामान्य आदमी बताया जिसे वीडियो पोकर खेलना, गाने सुनना और बर्रिटोस खाना पसंद था। पैडक ने स्थानीय समय के मुताबिक रविवार रात को एक कंसर्ट में संगीत प्रेमियों पर गोलियों की बारिश कर दी थी। इस हमले में 59 लोगों की मौत हुई जबकि 500 से ज्यादा लोग घायल हो गए।
पढ़ें: लास वेगास हमला: अटैक से एक दिन पहले ही हमलावर ने विदेश भेजे थे 1 लाख डॉलर
पैडक ने पुलिस से घिरने के बाद खुद को गोली मारी ली थी। आधुनिक अमेरिका के इतिहास की इसे सबसे भयावह शूटिंग बताया जा रहा है। इससे पहले जून 2016 में फ्लोरिडा के एक नाइटक्लब में हुई शूटिंग में 49 लोगों की मौत हो गई थी। पैडक के भाई एरिक पैडक ने बताया, ''इस घटना से हमारा पूरा परिवार हैरान है, स्टीफन पैडक को वीडियो पोकर खेलना पसंद था, वे घूमने-फिरने के शौकीन थे। वे मां के लिए कुकीज भी भेजते थे।''
एरिक ने बताया कि स्टीफन पैडक बहुत बड़े जुआरी थे। उनके पिता एक बैंक लुटेरे थे, और एक वक्त था जब उनका नाम एफबीआई की मोस्ट वॉन्टेड सूची में शामिल था। पैडक ने पिछले गुरुवार को होटल के 32वें फ्लोर के एक कमरे को बुक किया था। पुलिस ने इस कमरे से 23 हथियार बरामद किए हैं। मेसकिट स्थित पैडक के घर से भी पुलिस को भारी मात्रा में गोला बारूद मिला है।
उनकी कार से अमोनियम नाइट्रेट मिला है, साथ ही कई पाउंड की विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है। शेरिफ जोसेफ लोमबर्डो ने कहा, ''मुझे अभी तक समझ नहीं आ रहा कि उस सनकी आदमी के दिमाग में क्या चल रहा था।''