रूस के पूर्व जासूस को ब्रिटेन में नर्व एजेंट जैसा खतरनाक जहर देने के मामले में अमेरिका ने ब्रिटेन का साथ दिया है। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के आपातकालीन सत्र में अमेरिकी राजदूत निक्की हेली ने कहा है कि ब्रिटेन में पूर्व जासूस और उनकी बेटी को जहर देकर मारने के पीछे अमेरिका रूस को जिम्मेदार मानता है।
उन्होंने कहा कि हमने ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए यदि कदम नहीं उठाए तो आगामी दिनों में न्यूयॉर्क या परिषद में बैठे किसी भी देश पर ऐसा रासायनिक हमला हो सकता है। सीएनएन के मुताबिक, हेली ने कहा कि ट्रंप प्रशासन पिछले हफ्ते रूस के पूर्व जासूस एवं उनकी बेटी पर हुए नर्व एजेंट हमले के बाद
ब्रिटेन के साथ खड़ा है।
हेली ने इसके लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सख्त कदम उठाए जाने की मांग की। हेली ने सुरक्षा परिषद की आपात बैठक में कहा, ‘अमेरिका को विश्वास है कि ब्रिटेन में दो लोगों पर सैन्य स्तर के नर्व एजेंट का इस्तेमाल करके हुए हमले के पीछे रूस का हाथ है।’ उन्होंने कहा कि रूस ने अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन किया है।
अमेरिका ने कहा कि ब्रिटेन मानता है कि इस हमले में रूस का हाथ है और प्रतिक्रियास्वरूप ब्रिटेन ने देश से 23 रूसी राजनयिकों को निष्कासित करने का एलान किया था।
बता दें कि चार मार्च को रूस के पूर्व जासूस सर्गेई स्क्रिपल और उनकी बेटी यूलिया पर ब्रिटेन के सैल्सबेरी में नर्व एजेंट के जरिए जहर दिया गया था। हालांकि, रूस ने इन आरोपों को मनगढ़ंत कहानियां बताकर खारिज कर दिया है और इस हमले में अपनी भागीदारी से इनकार किया है।