क्या आप बता सकते हैं कि कोई इंसान घने जंगलों में बिना किसी संसाधन के कितना दिनों तक जिंद रह सकता है ? शायद आपका जवाब होगा एक सप्ताह या 10 दिन, लेकिन आप यह जानकर हैरान हो जाएंगे कि एक लड़की करीब महीनेभर तक घने जंगल में गंदे पानी और जंगली फल के सहारे जिंदा रही।
23 जुलाई से थीं लापता
मामला अमेरिका के लुईसविले का है जहां रेडियोलॉजी की स्टूडेंट लीसा थेरिस पिछले महीने की 23 तारीख से लापता थीं। खबरों के मुताबिक 25 साल की लीसा अपने दो साथियों के साथ हंटिंग कैंप में गई थीं।
बहुत तलाश करने के बावजूद जब लीसा का कोई सुराग नहीं मिला तो उनके परिवार वालों ने लीसा के जिंदा होने की उम्मीद छोड़ दी थी, लेकिन कुछ दिनों बाद बुलक काउंटी में एक महिला की नजर लीसा पर पड़ी।
22 किलो तक कम हो गया वजन
आप यह जानकर हैरान हो जाएंगे कि इस दौरान लीसा जंगली फल खाकर और गंदे पानी पीकर किसी तरह जिंदा रही। सही तरीके से खान-पान ना होने के कारण लीसा काफी कमजोर हो गई और उनका वजन भी 22 किलो तक कम हो गया।
पुलिस के मुताबिक पिछले सप्ताह जूडी गार्नर नामक एक महिला को जंगल में एक लड़की दिखी, जिसके शरीर पर कपड़े नहीं थे, बाल बिखरे हुए थे और उसे काफी चोटें आई हुई थीं। यह लड़की लीसा ही थी। जूडी ने उसे पानी दिया और फिर पुलिस को सूचना दी।
काफी बुरी हालत में नजर आ रही हैं लीसा
हालांकि डॉक्टरों के मुताबिक लीसा को गंभीर चोटें नहीं आई हैं। लेकिन लीसा के भाई विल ने उनकी एक तस्वीर फेसबुक पर शेयर की है, जिसमें लीसा काफी बुरी हालत में नजर आ रही हैं। उनके पूरे शरीर पर जगह-जगह कीड़ों के काटने के निशान हैं। वह पहले से काफी दुबली हो गई हैं।