अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके रूसी समकक्ष ब्लादिमीर पुतिन 16 जुलाई को फिनलैंड के हेल्सिंकी में मुलाकात करेंगे। क्रेमलिन ने बृहस्पतिवार को इसकी घोषणा की। बता दें कि रूसी राष्ट्रपति के सलाहकार यूरी उशाकोव ने बुधवार को दोनों नेताओं के बीच शिखर सम्मेलन की पुष्टि की थी।
रूसी व अमेरिकी अधिकारियों ने एक साथ मिलकर तिथि और जगह तय की है। यह पहले ही साफ कर दिया गया था कि बैठक किसी तीसरे देश में होगी। वहीं ट्रंप ने भी संभावना जता दी थी कि वह पुतिन के साथ अगले महीने बैठक करेंगे।
हालांकि इस बैठक से पहले दोनों नेता 11-12 जुलाई को ब्रूसेल्स में होने वाले नाटो समिट में भी मिल सकते हैं। लेकिन दोनों नेताओं के बीच इस सम्मेलन से इतर बैठक करने का कोई कार्यक्रम तय नहीं है।
शायद रूसी राष्ट्रपति से ब्रूसेल्स में ही मिल लूं: ट्रंप
पोलैंड के राष्ट्रपति रेबेलो डे सूसा से मुलाकात के बाद ट्रंप ने मीडिया को संबोधित किया। ट्रंप ने कहा, मैंने पहले ही दिन कह दिया था कि रूस और चीन के साथ बातचीत दुनिया के लिए बेहतर है। यह सभी के लिए अच्छा साबित होगा कि हम मिलें। हेल्सिंकी से पहले शायद नाटो समिट के दौरान ब्रूसेल्स में ही मेरी और पुतिन की मुलाकात हो जाए। गौरतलब है कि पोलैंड के राष्ट्रपति इन दिनों अमेरिका के दौरे पर हैं।