भारत समेत कुल 26 देश अमेरिका के हवाई द्वीप और दक्षिण कैलिफोर्निया के पास 27 जून से 2 अगस्त तक होने वाले रिम ऑफ पेसेफिक (रिमपैक) सैन्य अभ्यास में भाग लेंगे। पेंटागन ने दुनिया के सबसे बड़े समुद्री सैन्य अभ्यास की बृहस्पतिवार को घोषणा की है। दो साल में एक बार आयोजित होने वाले रिमपैक अभ्यास में इस साल 47 पोत, पांच पनडुब्बियां, 18 राष्ट्रीय थल सेना, 200 से ज्यादा विमान और 25,000 सैनिक भाग लेंगे। जबकि इस अभ्यास की घोषणा से पहले अमेरिका ने रिमपैक-2018 के लिए चीन को न्यौता नहीं भेजा है।
इस कदम को चीन ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। अमेरिका के थर्ड फ्लीट पब्लिक अफेयर्स के मुताबिक, ब्राजील, इस्राइल, श्रीलंका और वियतनाम पहली बार रिमपैक में हिस्सा ले रहे हैं। इस अभ्यास में ऑस्ट्रेलिया, ब्रुनेई, कनाडा, चिली, कोलंबिया, फ्रांस, जर्मनी, इंडोनेशिया, जापान, मलयेशिया, मैक्सिको, नीदरलैंड, न्यूजीलैंड, पेरू, दक्षिण कोरिया, फिलीपींस, सिंगापुर, थाइलैंड, टोंगा और ब्रिटेन भी शामिल हो रहे हैं।