व्हाइट हाउस ने आज कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक नयी मंत्रीस्तरीय वार्ता शुरू कर हिंद- प्रशांत महासागर क्षेत्र में शांति एवं स्थिरता बढ़ाने पर सहमत हुए हैं जो दोनों देशों के रणनीतिक विचार विमर्श को आगे ले जाएगा।
ट्रंप ने भारत की स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर पीएम मोदी को बधाई देने के लिए सोमवार की रात उन्हें फोन किया था। फोन पर ट्रंप ने अमेरिका से भारत को कच्चे तेल की प्रथम खेप भेजे जाने के कदम का स्वागत किया, जो इस महीने टेक्सास से शुरू होगा। व्हाइट हाऊस ने दोनों नेताओं के फोन कॉल का विवरण देते हुए बताया कि ट्रंप ने वादा किया कि भारत को अमेरिका ऊर्जा की विश्वसनीय और दीर्घकालीन आपूर्ति जारी रखेगा।
पढ़ेः- ट्रंप ने पीएम मोदी को फोन कर दी स्वतंत्रता दिवस की बधाई
व्हाइट हाऊस ने कहा कि दोनों नेताओं ने एक मंत्रीस्तरीय वार्ता शुरू कर हिंद- प्रशांत क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बढ़ाने का संकल्प लिया है जो रणनीतिक परामर्श को बढ़ाएगा। उन्होंने बताया कि ट्रंप और मोदी इस नवंबर में वैश्विक स्व उद्यमी सम्मेलन के लिए उत्सुक हैं। ट्रंप ने अपनी बेटी और सलाहकार इवांका ट्रंप से सम्मेलन के लिए अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने को कहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तर कोरिया की हकरतों के खिलाफ दुनिया को एकजुट करने में उनके मजबूत नेतृत्व को लेकर राष्ट्रपति ट्रंप का शुक्रिया अदा किया।
गौरतलब है कि ट्रंप ने हाल ही में उत्तर कोरिया को चेतावनी दी है कि यदि इसने अमेरिकी सरजमीं पर हमला किया तो उसे गंभीर अंजाम भुगतने होंगे। इस बीच, अमेरिकी विदेश मंत्री रेक्स टिलरसन ने स्वतंत्रता दिवस पर भारत के लोगों को अपनी शुभकामनाएं दी।
पढ़ेः- उत्तर कोरिया को बहुत घबराने की जरूरत है: डोनाल्ड ट्रंप
उन्होंने कहा कि अमेरिका दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत के लोगों के साथ खड़ा होकर गौरवान्वित है। टिलरसन ने कहा कि अमेरिका-भारत संबंध के लिए प्रधानमंत्री मोदी का महत्वाकांक्षी दृष्टिकोण 21 वीं सदी में हमारे साझा हितों को आगे बढ़ाने के लिए काफी मायने रखता है।