पीएम मोदी ने अमेरिका के साथ औपचारिक वार्ता शुरू होने से पहले ट्रंप की कही बात को याद किया। उन्होंने बताया कि ट्रंप ने राष्ट्रपति बनने से पहले 2014 में भारत की यात्रा की थी और मीडिया ने उनसे मेरे बारे में बातें की थीं, तब उन्होंने मेरे बारे में उन्होंने कई उम्दा बातें कही थीं, यह मेरे लिए हमेशा यादगार रहेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 'सच्चा दोस्त' बताने वाले डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप ने व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में बेहद गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। भीतर जाने से पहले वे एक-दूसरे से संक्षिप्त बातचीत करते और हालचाल पूछते हुए भी दिखे।
व्हाइट हाउस में द्विपक्षीय बातचीत शुरू होने से पहले नरेंद्र मोदी को 'महान प्रधानमंत्री' करार देते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि आपका यहां आना हमारे लिए सम्मान की बात है। प्रधानमंत्री मोदी ने भी कहा कि यह मेरा नहीं हर भारतीय का सम्मान है।
जैसे ही दोनों नेता बातचीत के लिए बैठे तो ट्रंप ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करना हमारे लिए सम्मान की बात है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, 'वह इतने महान प्रधानमंत्री हैं कि मैं उनके साथ बात करता रहा हूं और उनके बारे में पढ़ता रहा हूं। वह बहुत अच्छा काम कर रहे हैं।' ट्रंप ने कहा, 'आर्थिक रूप से और कई अन्य मायनों में भारत अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। मैं इसके लिए उन्हें बधाई देना चाहूंगा।'
बाहरी मामलों के प्रवक्ता गोपाल बागले ने बताया कि सोमवार से पहले अमेरिकी विदेश सचिव और रक्षा सचिव जिम मैटिस ने पीएम मोदी से अलग से मुलाकात की। इस मुलाकात में आतंकवाद से मुकाबले पर सहयोग, अफगानिस्तान मुद्दा और एशिया प्रशांत क्षेत्र की स्थिति पर चर्चा की हुई।