अमेरिका के पॉल बीटी को अपने देश में नस्ल एवं वर्ग पर आधारित व्यंग्य ‘द सेलआउट’ के लिए प्रतिष्ठित मैन बुकर पुरस्कार से नवाजा गया है। वह यह पुरस्कार प्राप्त करने वाले पहले अमेरिकी लेखक हैं। निर्णायकों ने इस उपन्यास को ‘स्तब्ध कर देने वाला और अप्रत्याशित रूप से मजेदार’ करार दिया है। इस उपन्यास में एक अफ्रीकी अमेरिकी व्यक्ति की कहानी बयां की गई है।
लंदन के गिल्डहॉल में मंगलवार रात आयोजित एक समारोह में 54 वर्षीय लेखक को इस साहित्यिक पुरस्कार के तहत 50 हजार पाउंड दिए गए। पुरस्कार स्वीकार करते समय बीटी अत्यंत भावुक हो गए। लॉस एंजिलिस में जन्मे लेखक ने कहा, ‘मुझे लेखन से नफरत है।’ उन्होंने कहा, ‘यह मुश्किल किताब है। मेरे लिए इसे लिखना मुश्किल था, मैं जानता हूं कि इसे पढ़ना मुश्किल है। हर कोई इसे अलग अलग नजरिए से देख रहा है।’
लेखक ने अमेरिकी राजनीतिक की पृष्ठभूमि में जिस तीक्ष्ण समझ, बोध एवं हास्य विनोद का परिचय देते हुए यह पुस्तक लिखी है, उसे निर्णायकों ने खूब सराहा और उनके कार्य की तुलना मार्क ट्वेन तथा जोनाथन स्विफ्ट से की।