जैसे-जैसे आम चुनाव नजदीक आते जा रहे हैं वैसे-वैसे अमेरिकी राष्ट्रपति
बराक ओबामा रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी मिट रोमनी पर बढ़त लेते जा रहे हैं। नए
सर्वेक्षण में दावा किया गया है कि तीन महत्वपूर्ण राज्यों में वह रोमनी
से आगे चल रहे हैं। यहीं नहीं इन राज्यों के लोगों का मानना है कि
अर्थव्यवस्था और अंतरराष्ट्रीय संकट से निपटने में वह ही सबसे सक्षम नेता
हैं।
यह सर्वेक्षण द क्विन्निपियक विश्वविद्यालय, न्यूयॉर्क टाइम्स और सीबीएम
न्यूज ने संयुक्त रूप से किया। इसे पिछले सप्ताह हुए मध्य-पूर्व संकट के
दौरान और उसके बाद 11 से 17 सितंबर के बीच अंजाम दिया गया। इसमें कहा गया
है कि वर्जीनिया, विस्कोंसिन और कोलोराडो में ओबामा रोमनी पर भारी पड़ेंगे।
चुनावों की दृष्टि से तीनों राज्यों को काफी महत्वपूर्ण माना जाता है।
ओबामा ने 2008 के आम चुनाव में भी इन तीनों राज्यों में जीत हासिल की थी।
यहीं नहीं 1964 के बाद वर्जीनीनिया में जीत दर्ज करने वाले वह पहले
डेमोक्रेट प्रत्याशी थे। सर्वेक्षण में यह बात सामने आई की ओबामा कई आधारों
पर अर्थवस्वस्था को चलाने के मामले में रोमनी से बेहतर उम्मीदवार हैं। इस
बार के चुनाव अभियान में यह मसला सबसे ज्यादा उछल भी रहा है। अर्थव्यवस्था
को सम्हालने के मामले में दोनों प्रत्याशियों में कांटे की टक्कर रही।
कहां कितनी बढ़त
विस्कोंसिन: ओबामा को 51 फीसदी जबकि रोमनी को 45 प्रतिशत मत
वर्जीनिया: ओबामा को 50 फीसदी जबकि रोमनी को 46 फीसदी वोट
कोलोराडो: ओबामा को 48 फीसदी, जबकि रोमनी को 47 प्रतिशत मत
विभिन्न मसलों पर जनता की राय
1- कौन चला सकता है अर्थव्यवस्था को बेहतर
49 प्रतिशत ओबामा
46 फीसदी रोमनी
2- अंतरराष्ट्रीय संकट से कौन निपटने में अधिक सक्षम
52 फीसदी ओबामा
42 फीसदी रोमनी