9/11 हमले के पीड़ित परिवारों समेत अमेरिका के सैकड़ों लोगों ने मृतकों की याद में मंगलवार को एक मिनट का मौन रखा। 11 साल पहले हुए आतंकी हमले की बरसी पर न्यूयॉर्क, पेंटागन, पेंसिलवेनिया और वाशिंगटन में शोक सभा आयोजित हुई। अमेरिकी इतिहास के इस सबसे खौफनाक हमले में 3000 से अधिक लोग मारे गए थे। हालांकि पूरे देश में बरसी बहुत सादगी से मनाई गई। पत्नी मिशेल ओबामा के साथ राष्ट्रपति बराक ओबामा ने व्हाइट हाउस के लॉन में मृतकों की याद में मौन रखा।
पेंटागन में आयोजित कार्यक्रम में ओबामा ने कहा कि अमेरिका ने अल कायदा और उसके सहयोगी आतंकी संगठनों से लड़ाई लड़ी, इसलाम से नहीं। राष्ट्रपति ने कहा कि देश की बुनियाद स्वतंत्रता और सहिष्णुता पर टिकी है जिससे हमें ताकत मिली। ओबामा ने कहा कि अल कायदा के आकाओं को मार गिराया गया और अब ओसामा बिन लादेन अमेरिका के लिए कभी भी खतरा नहीं बनेगा, हमारा देश सुरक्षित है। पूरे देश में लोगों ने ठीक उस समय मौन रखा, जब अल कायदा द्वारा अपहृत विमान ट्विन टॉवर से टकराए थे।
पूरी दुनिया दहल उठी थी
अमेरिका में 11 सितंबर 2001 को हुए आतंकवादी हमले से न सिर्फ यह महाशक्ति बल्कि पूरी दुनिया दहल गई थी। किसी को कल्पना भी नहीं थी अमेरिका पर इतना बड़ा आतंकवादी हमला हो सकता है, लेकिन आतंकवादियों ने अपनी योजना को अंजाम देते हुए दुनिया के इस सबसे ताकतवर देश को हिलाकर रख दिया। इस हमले का घटनाक्त्रस्म इस प्रकार रहा
फिल्में भी बन चुकी हैं 9/11 पर
- वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर हमले को आधार बनाकर फिल्में भी बन चुकी हैं। पहली फिल्म 2003 में ‘ट्विन टॉवर्स’ आई थी। यह एक डाक्यूमेंट्री फिल्म थी, जिसे बिल ग्यूटेनटेग और रॉबर्ट डेविड पोर्ट ने निर्देशित किया था। 34 मिनट की इस डॉक्यूमेंट्री को ऑस्कर अवॉर्ड मिल चुका है।
- दूसरी फिल्म थी ‘यूनाइटेड 93’ जो 28 अप्रैल 2006 को रिलीज हुई थी। बाफ्टा अवॉर्ड विनर इस फिल्म का नामांकन 2006 के एकेडमी अवॉर्ड के लिए हुआ है। 9/11 हमले में एक विमान यूनाइटेड एयरलाइंस की फ्लाइट 93 भी शामिल थी। उसी के नाम पर फिल्म का यह नाम रखा गया।
-तीसरी फिल्म है ‘वर्ल्ड ट्रेड सेंटर’ जो 9 अगस्त 2006 को अमेरिका में रिलीज हुई थी। 129 मिनट की इस फिल्म के निर्माण पर साढ़े छह करोड़ डॉलर का खर्च आया था। इसका निर्देशन ओलिवर स्टोन ने किया और फिल्म में निकोलस केग, मिशेल पेना, मारिया बेलो और मेग्गी गेलेनहाल ने काम किया है।
-फिल्मों के अलावा हमले पर दो भागों में एक ड्रामा ‘द पाथ टू 9/11’ भी बन चुका है। दो सिरीज वाला यह ड्रामा विवादास्पद रहा है। इसका नामांकन एमी अवॉर्ड के लिए किया गया है। इसका प्रसारण अमेरिका में एबीसी टेलीविजन पर किया गया।