भारी कयासों के बाद पता चल गया कि अमेरिका ने अचानक टू प्लस टू बैठक आखिर क्यों स्थगित कर दी। पिछले दिनों अमेरिका ने 6 जुलाई को होने वाली भारत और अमेरिका की उच्च स्तरीय बैठक कैंसिल कर दी थी जिसके बाद कयासों का बाजार गर्म था। कहा जा रहा था दोनों देशों के बीच खटास व्यापार मामलों की वजह से बढ़ती जा रही है। लेकिन अब साफ हो गया है कि विदेश मंत्री माइक पॉम्पियो 5 जुलाई को उत्तर कोरिया के दौरे पर जा रहे हैं जिसकी वजह से यह दौरा अचानक टालना पड़ा है।
इस विशेष वार्ता के तहत दोनों देशों के बीच कारोबार, सुरक्षा, रणनीतिक, कूटनीतिक और रक्षा से जुड़े कई अहम मुद्दों पर बातचीत होनी थी। इसमें दोनों देशों के विदेश और रक्षा मंत्री भाग लेने वाले थे।
टू प्लस टू वार्ता दोनों देशों के बीच होने वाले कारोबार के लिए अहम मानी जा रही है। इस बैठक का अहम मकसद दोनों पक्षों के सुरक्षा व रणनीतिक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करना और क्षेत्रीय व वैश्विक मुद्दों पर आपसी हितों पर चर्चा करना भी था।
इस वार्ता की शुरुआत राष्ट्रपति बराक ओबामा के कार्यकाल में हुई थी जिसमें भारत के साथ कूटनीतिक व वाणिज्यिक वार्ता होती थी जिसमें दोनों देशों के विदेश, रक्षा, वित्त, वाणिज्य व ऊर्जा मंत्री शामिल होते थे। अचानक बैठक कैंसल किए जाने की बात तब सामने आई जब माइक पॉम्पियो ने अपनी समकक्ष सुषमा स्वराज को फोन कर बैठक को स्थगित किए जाने की बात की थी और खेद व्यक्त किया था।