अमेरिका के भावी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को अपने आर्थिक एजेंडे को लागू करने में भारतवंशी अमेरिकी सीईओ इंदिरा नूयी मदद करेंगी। ट्रंप के स्ट्रेटेजिक एंड पॉलिसी फोरम में पेप्सिको की सीईओ इंदिरा नूयी शामिल हो गई हैं।
यह टीम अमेरिका के भावी राष्ट्रपति ट्रंप को आर्थिक एजेंडे को लागू करने के लिए सलाह देगी। इसके चेयरमैन ब्लैकस्टोन के सह-संस्थापक एवं सीईओ स्टीफन ए स्वार्जमन होंगे।
बुधवार को ट्रंप की ट्रांजिशन टीम ने इसकी जानकारी दी। ट्रंप के 19 सदस्यीय सलाहकार टीम में शामिल होने वाली चेन्नई में जन्मीं 61 वर्षीय नूयी पहली भारतीय मूल की कार्यकारी हैं। इसमें शामिल 16 सदस्यों के नामों की घोषणा सप्ताह के शुरुआत में ही कर दी गई थी। इसके बाद अब तीन नए नामों की घोषणा की गई है। इसके साथ ही ट्रंप की इस टीम की सदस्य संख्या 19 पहुंच गई।
इसमें नूयी के साथ शामिल होने वालों की फेहरिस्त में उबर के सीईओ ट्राविस कालनिक और स्पेसएक्स एवं टेस्ला के चेयरमैन इलोन मस्क का नाम भी है। इसमें कई दिग्गज अमेरिकी कारोबारियों को भी शामिल है, जो ट्रंप को अपने आर्थिक एजेंडे को लागू करने में मदद करेंगे।