न्यूयॉर्क के एक अरबपति ने आइसक्रीम चोरों का पता बताने वालों के लिए 5,000 डॉलर का इनाम देने की घोषणा की है। जॉन कैट्समातिदिस किराने की दुकान के कारोबार का जाना माना नाम है। वे मेयर पद का चुनाव भी लड़ चुके हैं।
उन्होंने इनाम के बारे में ट्विटर पर बताया है। न्यूयॉर्क में इन दिनों गर्म हवाएं चल रही हैं जिनके अभी कुछ दिन और रहने की संभावना है। साथ ही तापमान के भी 43 डिग्री सेंटीग्रेड पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
अरबपति जॉन ने समाचार पत्र न्यूयॉर्क पोस्ट को बताया है कि चोर आइसक्रीम का कार्टन चुराकर ले जाते हैं और उन्हें छोटी दुकानों पर बेच देते हैं। इन दुकानों को वहां बोदगास बुलाते हैं।
पुलिस की रिपोर्ट के मुताबिक उन्हें अब तक आइसक्रीम का कार्टन चोरी होने की 250 शिकायतें मिल चुकी हैं। इन मामलों में 130 गिरफ्तारियां भी हो चुकी हैं। ग्रिसटेड्स दुकान के मालिक जॉन ने ट्वीट करते हुए कहा है कि ये लुटेरे 'न्यूयॉर्क सुपरमार्केट को तबाह' कर रहे हैं। उनके अनुसार इन चोरों को बोदगास उकसाते हैं।