अमेरिका में मियामी के फ्लोरिडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी में एक नव निर्मित पैदल यात्री पुल के ढहने से कई लोगों की मौत हो गई। अमेरिकी न्यूज चैनल सीएनएन ने फ्लोरिडा राजमार्ग पेट्रोल के प्रवक्ता का हवाला देते हुए कहा है कि यूनिवर्सिटी में पैदल यात्री पुल के ढह जाने के कारण कई लोग मारे गए।
घटनास्थल के हवाई फुटेज से पता चलता है कि पुल के नीचे कम से कम पांच से छह वाहन कुचल गए हैं। फायर ट्रक, पुलिस और अन्य आपातकालीन वाहनों को घटनास्थल पर गिर गए पुल के नीचे दबे हुए लोगों के बचाव कार्य में देखा गया।
सोशल मीडिया ट्विटर पर एक छात्र ने लिखा, "मेरे स्कूल ने कुछ दिन पहले ही एक पुल स्थापित करने का काम खत्म किया था और यह वास्तव में गिर गया। मेरे रूममेट और मैंने इसकी आवाज को हमारे कमरे से सुना और हम दौड़कर बालकनी पहुंचे।"
खबरों के मुताबिक यह पुल शनिवार को स्थापित किया गया था। न्यूज एजेंसी ने अधिकारियों का हवाला देते हुए बताया है कि फ्लोरिडा पुल के ढहने से 8 गाड़ियां फंस गई हैं।