हॉलीवुड के मशहूर अभिनेता से राजनेता बने अर्नाल्ड श्वार्जनेगर ने पूर्व में कई बार महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने की बात स्वीकार करते हुए अपने बर्ताव के लिए माफी मांगी है। उन्होंने पहली बार अपनी गलतियां स्वीकार करते हुए कहा कि मैंने कई बार महिलाओं के मामले में अपनी सीमाएं लांघी है जिस पर मैं शर्मिंदा हूं। दरअसल, मी टू अभियान के तहत अमेरिका समेत पूरी दुनिया में महिलाएं उन पर हुए अभद्र व्यवहार को लेकर जागरूक हुई हैं। इसी कारण कई प्रसिद्ध हस्तियों पर महिलाओं ने सार्वजनिक मंच पर आरोप लगाना शुरू कर दिया है।
इसी के चलते 71 साल के अर्नाल्ड श्वार्जनेगर ने पहले ही अपनी भूल स्वीकार करके माफी मांग ली है। पुरुषों की एक स्वास्थ्य पत्रिका को दिए साक्षात्कार में श्वार्जनेगर ने कहा कि ‘पीछे मुड़कर देखूं तो, मैंने कई बार सीमा लांघी हैं और मैं पहला इंसान हूं जिसने इस पर माफी मांगी। मैं अपने बर्ताव को लेकर शर्मिंदा हूं, और मैं माफी मांगता हूं।’ श्वार्जनेगर ने कहा कि जब मैं कैलिफोर्निया का राज्यपाल बना तो यह सुनिश्चित करना चाहता था कि मेरे समेत अन्य कोई भी इंसान ऐसी गलती न दोहराए।
इसलिए हमने यौन उत्पीड़न से जुड़े पाठ्यक्रम शुरू किए, ताकि इसे सही से समझा जा सके। यौन उत्पीड़न से जुडे कानूनी पक्ष से लेकर नियमित व्यवहार तक क्या स्वीकार्य है और क्या नहीं, इन सब पर लोगों को जागरूक किया। बता दें कि इसके पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और हाल ही में अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट में चुने गए जज ब्रेट कैवनाग पर भी ऐसे ही आरोप लग चुके हैं।