अमेरिका में दो महीने पहले ट्रक दुर्घटना का शिकार हुए 13 साल के टेंड्रन मैककिनले के साथ एक चमत्कार हुआ है। वह पिछले दो महीने से लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर था। हादसे के कारण उसके सिर से ट्रक का पहिया गुजर गया जिस कारण उसके सिर में गहरी चोट आई और वह कोमा में पहुंच गया। इसके बाद 22 मार्च को डॉक्टरों ने उसे ब्रेन डेड घोषित कर दिया। जब उसकी मां जेनिफर को कोई उम्मीद नहीं दिखी तो उसने बेटे के अंग दान करने का निर्णय किया।
ब्रेन डेड बेटे के अंगदान के लिए मां दस्तखत कर चुकी थी, इसके बाद डॉक्टरों ने भी ऐसे पांच बच्चों की तलाश कर ली जिन्हें टेंड्रन के अंग लगाए जाने थे। डॉक्टरों ने उसका लाइफ सपोर्ट सिस्टम हटाने की भी पूरी तैयारी कर ली थी। लेकिन इसके ठीक एक दिन पहले अचानक चमत्कार हुआ और टेंड्रन ने आंखें खोल लीं। उसके होश में आने के बाद डॉक्टरों ने उसकी तीसरी सर्जरी की जिसके बाद अब वह पहले की तरह सक्रिय हो गया है। अब वह चल भी पा रहा है और बोल भी पा रहा है।
टेंड्रन की ऐसी सक्रियता देखकर डॉक्टर इसे मेडिकल चमत्कार कह रहे हैं। वहीं उसकी मां जेनिफर का कहना है कि जब डॉक्टरों ने उसके बेटे को ब्रेन डेड घोषित किया तो वह पूरी तरह से टूट चुकी थी। इसके बाद जब उसने अपने बेटे को बिना कोई हरकत किए 15 मिनट तक देखा तो उसने उसके अंगदान करने का फैसला किया। जेनिफर कहती हैं कि उन्होंने यह फैसला इसलिए किया क्योंकि उन्हें अपने बेटे के बचने की कोई उम्मीद नहीं दिख रही थी।
उन्होंने बताया कि टेंड्रन के होश में आने के बाद उसने बताया कि टक्कर के बाद वह पत्थर से टकराकर गिर गया था। इसके बाद उसके ऊपर से ट्रक गुजरा। इसके अलावा उसे और कुछ याद नहीं था। जेनिफर ने ये पूरा वाकया सोमवार को बताया।
जेनिफर ने बताया कि टेंड्रन अपने दोस्त के साथ खेलने गया था लेकिन एक ट्रक वाले ने लापरवाही से उसके सिर पर ट्रक चला दिया। जिस कारण उसके सिर में 7 फ्रैक्चर आए। साथ ही उसे ब्रेन इंजरी भी आई। इसी कारण वह ठीक से सांस नहीं ले पा रहा था जिससे उसके ब्रेन में ऑक्सीजन पहंचना बंद हो गई। इसके बाद उसके अंगों ने भी एक एक करके काम करना बंद कर दिया था। लेकिन अब वह किताब पढ़ पा रहा है, बात कर रहा है और ठीक से चल भी रहा है।