अमेरिकी सांसद ने यूएस में ग्रीन कार्ड यानि स्थाई निवास के लिए देश आधारित कोटा खत्म करने की मांग की है। कंसास से रिपब्लिक पार्टी के सांसद केविन योडेर ने यूएस हाउस में कहा कि ग्रीन कार्ड के लिए मौजूदा देश विदेश आधारित कोटा भारत से अमेरिका आने वालों के लिए अन्याय है। उन्होंने कहा कि भारत के 7 लाख हाई स्किल्ड लोग टेंपररी वर्क वीजा पर काम कर रहे हैं। ये लोग हमारी इकोनॉमी को आगे बढ़ाने के लिए बहुत मेहनत करते हैं।
योडेर ने कहा कि ये भारतीय हमारे कठिन नियमों की वजह से यहां फंसे हुए हैं और इतने मजबूर हैं कि अपनी नौकरी भी नहीं बदल सकते। वे रोजगार आधारित ग्रीन कार्ड पर मनमानी के कारण फंस गए हैं। उन्होंने कहा कि ग्रीनलैंड में एक मां है जिसका अजन्मा बच्चा अमेरिका में स्थायी निवास पाने में सक्षम होगा। जबकि इससे पहले जो भारतीय यहां है और काम कर रहा है..वह नहीं होगा। यह बेतुका और गलत है।
योडर ने यूएस हाउस में यह भी कहा कि हमें पहले आओ, पहले पाओं की व्यवस्था करनी होगी। इससे नई नौकरियां पैदा होंगी, और रोजगार के अवसर मिलेंगे।