अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप की बेटी इवांका भारत के दौरे पर हैं। वे मंगलवार से हैदराबाद में शुरू हो रहे तीन दिन के ग्लोबल आंत्रप्रेन्योर समिट (जीईएस) में हिस्सा लेने भारत पहुंची हैं।
इवांका डोनल्ड ट्रंप की सलाहकार भी हैं। वे इस सम्मेलन में ट्रंप प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों और उद्यमियों के एक प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगी। इससे पहले ऐसी खबरें आई थीं कि इवांका ट्रंप के हैदराबाद पहुंचने से पहले स्थानीय प्रशासन ने भिखारियों को शहर से बाहर कर दिया है। दुनिया के सबसे ताकतवर इंसान की बेटी इवांका 35 साल की हैं, उन्हें डोनल्ड ट्रंप की आंख और कान समझा जाता है। उनसे जुड़ी कुछ अनोखी बातें जानते हैं आप?
पढ़ें- इवांका के साथ PM मोदी का डिनर, न्योता ना मिलने से नाराज निजाम का परिवार
इवांका के नाम का मतलब
इवांका डोनल्ड ट्रंप की इकलौती बेटी हैं। उनकी मां ट्रंप की पहली पत्नी इवाना ट्रंप हैं। इवांका का जन्म 30 अक्तूबर 1981 को हुआ था। ट्रंप की पहली पत्नी से दो बच्चे और हैं- डोनल्ड जूनियर और एरिक। जबकि दूसरी पत्नी मेलेनिया से ट्रंप के दो बच्चे हैं- टिफनी और बैरन। साल 2010 में एक ट्वीट में इवांका ने अपने नाम का मतलब समझाया था। उन्होंने लिखा था, ''मेरा असली नाम इवाना है। चेक भाषा में इवांका का मूल नाम इवाना ही होता है।''
डोनल्ड ट्रंप और इवांका एक ही कॉलेज से पासआउट
इवांका ट्रंप ने अपनी शुरुआती पढ़ाई मैनहटन के इलीट चैपिन स्कूल से पूरी की। उसके बाद 15 साल की उम्र में वो कनेक्टिकट में शोएट रोजमेरी हॉल में पढ़ने चली गईं। साल 2007 में एक इंटरव्यू में उन्होंने अपने स्कूली दिनों के बारे में बताया कि वो बोर्डिंग स्कूल में पढ़ते हुए थक चुकी थीं और स्कूल उनके लिए किसी जेल से कम नहीं था क्योंकि उनके सभी दोस्त न्यूयॉर्क में मस्ती कर रहे थे।
मॉडलिंग के बारे में इवांका ने बताया कि बोर्डिंग स्कूल से निकलने के लिए उन्होंने मॉडलिंग का रास्ता चुना। इवांका ने दो साल जॉर्जटाउन यूनिवर्सिटी में पढ़ाई की उसके बाद उन्होंने पेंसिल्वेनिया यूनिवर्सिटी के व्हार्टन स्कूल ऑफ फाइनेंस से अर्थशास्त्र की डिग्री हासिल की। इवांका के पिता डोनल्ड ट्रंप भी इसी कॉलेज से पढ़े हैं।