‘उमर द चेचन’ के नाम से कुख्यात आईएस के एक शीर्ष कमांडर की पूर्वोत्तर सीरिया में मौत हो गई है। यह आतंकी अमेरिकी गठबंधन सेना के हमले में घायल हो गया था। इसकी पुष्टि सोमवार को पेंटागन ने भी की।
अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक ‘उमर द चेचन’ संभवत: उस वक्त घायल हो गया था जब एक सप्ताह पहले चार मार्च को एक जिहादी काफिले पर हमला किया गया था। अधिकारियों की मानें तो यह हमला आतंकी उमर अल-शिशानी उर्फ ‘उमर द चेचन’ को ही निशाना बनाकर किया गया था।
पेंटागन के प्रवक्ता व नेवी कप्तान जेफ डेविस ने कहा कि हम लोगों का मानना है कि शिशानी की मौत घायल होने के बाद ही हुई।
गौरबलत है कि ‘उमर द चेचन’ उर्फ शिशानी का एक और नाम तरखान बतिराशविली भी था। वह अमेरिका की ‘मोस्ट वांटेड’ फेरहिस्त में शामिल था। अमेरिका ने इस आतंकी के सिर पर 50 लाख डॉलर का ईनाम रखा था। अमेरिका के लिए चेचन आईएस के सबसे वांछित सरगनाओं में से एक था।