चक्रवातीय तूफान इरमा का बाहरी आवरण अमेरिका के फ्लोरिडा के तट से टकरा गया है। फ्लोरिडा के गवर्नर रिक स्कॉट के मुताबिक फ्लोरिडा कीज में 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से हवाएं बह रही हैं।
पढ़ें:- 'हार्वे' के बाद अब अमेरिका पर 'इरमा' की मार, फ्लोरिडा और प्यूर्टो रिको में इमरजेंसी घोषित
हज़ारों लोग आपात शिविरों में पनाह ले रहे हैं और हज़ारों घरों में बिजली नहीं है। अटलांटिक में इरमा के पीछे चक्रवातीय तूफान होसे भी मौजूद है, ये चौथी कौटेगरी का तूफान है जिसके साथ 233 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से हवाएं बह रही हैं।
चक्रवातीय तूफान होसे का ख़तरा
ये इरमा के रास्ते आगे बढ़ रहा है और इरमा से प्रभावित कैरिबियाई द्वीपों में राहत कार्य इससे बाधित हो रहे हैं। कैरिबियाई क्षेत्रों में फ्रेंच द्वीपों सेंट मार्टिन्स और सेंट बार्थेलेमी में इरमा के बाद चक्रवातीय तूफान होसे का ख़तरा मंडरा रहा है।
पढ़ें:- 209 KMPH की रफ्तार से 'हार्वे' ने मचाई टेक्सास में तबाही
फ़िलहाल इन द्वीपों पर हाई अलर्ट जारी किया गया है। फ्रांस के मौसम विभाग के मुताबिक़ ये स्थिति बेहद ख़तरनाक है। इरमा की आहट को देखते हुए अमेरिका के फ्लोरिडा की सरकार ने राज्य के लोगों से अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा है।