भारतीय मूल की अमेरिकी सांसद प्रमिला जयपाल
भारतीय मूल की अमेरिकी सांसद प्रमिला जयपाल ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ‘स्टेट ऑफ दि यूनियन’ संबोधन का बहिष्कार करने का एलान किया है। जयपाल ने कहा कि ऐसा वे ट्रंप की नीतियों और प्रवासियों के खिलाफ नफरत भरी बयानबाजी के कारण करेंगी।
इस तरह से 52 वर्षीय जयपाल आधे दर्जन से अधिक डेमोक्रेटिक सांसदों के साथ खड़ी हो गई हैं। इन सांसदों में प्रतिष्ठित सांसद जॉन लुइस भी शामिल हैं। ये सभी 30 जनवरी को होने वाले कार्यक्रम का हिस्सा नहीं होंगे। इस कार्यक्रम का बहिष्कार करने वाले अन्य सांसदों में फ्रेडरिका विल्सन, मैक्जिन वाटर्स और अर्ल ब्लूमेन्यूअर शामिल हैं।
एक बयान जारी करते हुए जयपाल ने कहा कि मैं इस बार ‘स्टेट ऑफ द यूनियन’ में शामिल नहीं हो रही हूं और दिग्गज नेता जॉन लुइस भी मेरे साथ हैं। मेरा मानना है कि हमारे राष्ट्रपति अपने पद का इस्तेमाल नस्लवाद के लिए कर रहे हैं और नफरत फैला रहे हैं। हाल में उन्होंने हैती और अफ्रीकी लोगों के लिए भद्दे शब्द कहे। ट्रम्प की संकीर्ण मानसिकता से मैं इत्तेफाक नहीं रखती। उनका देश हित से कोई सरोकार नहीं है।