भारतीय मूल के मशहूर पत्रकार और लॉस एंजिलिस टाइम्स के संपादक धवन महाराज को हटा दिया गया है। धवन को इस अमेरिकी दैनिक अखबार में टॉप मैनेजमेंट में बदलाव के तहत हटाया गया है। वह 2016 से इस अखबार से प्रकाशक और संपादक के तौर पर काम कर रहे थे। लेकिन उन्हें कुछ वरिष्ठ संपादकों के साथ हटा दिया गया।
महाराज की छुट्टी अखबार में उस खोजी स्टोरी के छपने के बाद हुई है, जिसमें इस बात का खुलासा किया गया था कि यूनिवर्सिटी ऑफ साउदर्न कैलिफोर्निया के केक स्कूल ऑफ मेडिसिन के पूर्व डीन ने परिसर और उससे बाहर वेश्याओं और ड्रग डीलरों के साथ पार्टी की थी।
पढ़ें: भारतीय मूल के बच्चे ने ब्रिटेन में बजाया जीत का डंका,मिला यूके चाइल्ड जीनियस का खिताब
इस प्रोजेक्ट पर काम करने वाले कुछ रिपोर्टरों ने अखबार के टॉप मैनेजमेंट से मिल कर शिकायत की थी कि महाराज और डुवोइजिन ने इस स्टोरी को छापने में देर की। वे यूनिवर्सिटी ऑफ साउदर्न कैलिफोर्निया को इसे छाप कर परेशान नहीं करना चाहते थे क्योंकि वह अखबार के वार्षिक बुक फेस्टिवल की आयोजक है।
हालांकि महाराज और डुवोइजिन ने यह कह कर अपना बचाव किया कि इस तरह की स्टोरी काफी संवेदनशील होती हैं और इन्हें रिपोर्ट करने, एडिट करने और कानूनी नजरिये से इसकी जांच में समय लगता है।
पढ़ें: बार्सिलोना हमला: भारतीय मूल की अभिनेत्री ने फ्रीजर में छिपकर बचाई जान
शानदार रहा है महाराज का करियर
त्रिनिदाद के रहने वाले महाराज ने लॉस एंजिलिस टाइम्स में अपने करियर की शुरुआत 1989 में समर इंटर्न के तौर पर की थी। इसके बाद उन्होेंने अखबार की ओर से ऑरेंज काउंटी, लॉस एंजिलिस और पूर्वी अफ्रीका में रिपोर्टिंग की। वह अखबार के असिस्टेंट फॉरेन एडिटर, बिजनेस एडिटर और मैनेजिंग एडिटर रह चुके हैं।
फोटोग्राफर फ्रांसिन ओर्र के साथ उनकी की गई छह हिस्सों वाली सीरीज ‘लिविंग ऑन पेनीज’ ने 2005 का ह्यूमन इंटरेस्ट राइटिंग का अर्नी पाइल अवार्ड जीता था। इस स्टोरी ने पाठकों को अफ्रीका में काम करने वाली सहायता एजेंसियों के लिए हजारों डॉलर दान करने के लिए प्रेरित किया था। महाराज के संपादक रहते लॉस एंजिलिस टाइम्स ने तीन पुलित्जर पुरस्कार जीते थे।